उत्तराखंड: ट्रेनों में ‘नो रूम’ की समस्या से निपटने के लिए रेलवे का बड़ा कदम, त्योहारों पर दौड़ेगी स्पेशल ट्रेनें

ख़बर शेयर करें

देहरादून। त्योहारी सीजन के दौरान नियमित ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति और यात्रियों की भारी भीड़ से निपटने के लिए रेलवे प्रशासन ने उत्तराखंड से आठ जोड़ी विशेष त्योहार स्पेशल ट्रेनें संचालित करने का बड़ा फैसला किया है। हरिद्वार जंक्शन के मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक अनिल गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुगमता को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है।

उत्तराखंड के योगनगरी ऋषिकेश और हरिद्वार रेलवे स्टेशनों से देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए इन स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इनमें से चार जोड़ी ट्रेनें हरिद्वार जंक्शन से और शेष चार जोड़ी योगनगरी ऋषिकेश से पटरियों पर दौड़ाई जा रही हैं।

इसके अलावा रेलवे प्रशासन ने पर्वों के इस सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित रूप से चलने वाली ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़ने की पुख्ता योजना बनाई है, जिससे टिकट कंफर्म होने की उम्मीद बढ़ सकेगी। हरिद्वार से वीरावल के लिए गाड़ी संख्या 09204 का संचालन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को रात 9:30 बजे किया जाएगा। यह ट्रेन रुड़की, दिल्ली, रेवाड़ी, अजमेर व मारवाड़ होते हुए अपने गंतव्य तक जाएगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड पुलिस स्मृति दिवस: सीएम धामी ने अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, की 8 बड़ी घोषणाएं

हरिद्वार से साबरमती जंक्शन के लिए गाड़ी संख्या 09426 का संचालन 20 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को रात 9:30 बजे होगा। यह गाड़ी मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, दिल्ली और जयपुर से होकर गुजरेगी। हरिद्वार से बाड़मेर के लिए गाड़ी संख्या 04812 का संचालन 12 मई से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे किया जाएगा। यह ट्रेन अंबाला, भटिंडा, बीकानेर व जोधपुर स्टेशनों पर रुकेगी।

यह भी पढ़ें -  धामी कैबिनेट बैठक: 22 अक्टूबर को 3000 करोड़ के अनुपूरक बजट समेत कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर

हरिद्वार से जबलपुर के लिए गाड़ी संख्या 01704 आगामी 23 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 3:10 बजे चलेगी। यह ट्रेन मेरठ, अलीगढ़, आगरा कैंट और झांसी के रास्ते संचालित होगी। योगनगरी ऋषिकेश से अजमेर के लिए गाड़ी संख्या 09612 आगामी 18 जून से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को शाम 7:03 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन शामली, दिल्ली और जयपुर जंक्शन को आपस में जोड़ेगी।

योगनगरी ऋषिकेश से उदयपुर सिटी के लिए गाड़ी संख्या 09610 का संचालन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को शाम 7:03 बजे किया जाएगा। यह गाड़ी टपरी, दिल्ली, अलवर और अजमेर के रास्ते संचालित होगी। योगनगरी ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर जंक्शन के लिए गाड़ी संख्या 04314 आगामी 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को हरिद्वार से शाम सवा चार बजे चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, छपरा और हाजीपुर होते हुए जाएगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड चुनाव 2027: दून में 12 लाख वोटर करेंगे मतदान, 2045 पोलिंग बूथों पर नोडल अफसर तैनात,

योगनगरी ऋषिकेश से कोलकाता के लिए गाड़ी संख्या 04312 आगामी 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 11:59 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन मुरादाबाद, वाराणसी, गया और धनबाद के रास्ते कोलकाता पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि इन विशेष गाड़ियों के संचालन से यात्रियों को त्योहारी सीजन में आवागमन के दौरान बड़ी राहत मिलेगी और स्टेशनों तथा ट्रेनों में भीड़भाड़ को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा।