देहरादून। उत्तराखंड में चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण का पहला चरण पूरा हो गया है। इसके बाद मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में राज्य की नई ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी गई। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि इस शुद्धीकरण अभियान के तहत प्रदेश में कुल 8.41 लाख से अधिक वोट काटे गए हैं।
आयोग के मुताबिक, जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उनमें बड़ी संख्या उन मतदाताओं की है जो या तो मृत हैं, अनुपस्थित हैं, शिफ्ट हो चुके हैं या फिर जिनका दोहरा पंजीकरण था। पूर्व की वोटर लिस्ट के मुकाबले इस बार कुल 8,26,977 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। इस कटौती के बाद अब वर्तमान ड्राफ्ट सूची में कुल 71,33,785 मतदाता पंजीकृत बचे हैं।
19.04 लाख मतदाताओं के विवरण में मिलीं ये अजीब गड़बड़ियाँ
जांच के दौरान प्रदेश के 19,04,380 मतदाताओं के प्रपत्रों में गंभीर विसंगतियां पाई गई हैं, जिनमें मुख्य रूप से माता-पिता और बच्चों की आयु के बीच का अंतर 15 साल से कम या 50 साल से अधिक होना, दादा-दादी या नाना-नानी से उम्र का अंतर 50 साल से कम मिलना, दो सगे भाई-बहनों के बीच की आयु का अंतर नौ महीने से भी कम दर्ज होना, एक ही मतदाता के नाम पर छह या उससे अधिक स्थानों पर दावा किया जाना जैसी तकनीकी खामियां शामिल है।
एक्शन में चुनाव आयोग: सुधार के लिए शेड्यूल जारी
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं के नाम कटे हैं या जिनके डेटा में गड़बड़ी है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है, आयोग उन्हें सुधार का पूरा मौका दे रहा है। इसके लिए पूरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है, जिसमें 16 जुलाई तक बूथवार नोटिस की पीडीएफ फाइल तैयार की जाएगी।
वहीं 20 जुलाई तक सभी नोटिसों की प्रिंटिंग का कार्य पूरा होगा और 25 जुलाई से 17 अगस्त मतदाताओं को विसंगति संबंधी नोटिस बांटे जाएंगे। जबकि 24 अगस्त नोटिस पर सुनवाई की अंतिम तारीख होगी।
वोटर लिस्ट में नाम सुधारने के लिए लगेंगे विशेष शिविर
इन नोटिसों पर त्वरित सुनवाई के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर बनाकर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मैदानी क्षेत्रों के वोटर्स की सुविधा के लिए तहसील कार्यालयों के अलावा नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
मतदाता सूची ऑनलाइन चेक करने के लिए नागरिक मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट ceo.uk.gov.in पर जा सकते हैं। इसके अलावा बीएलओ, तहसील, एसडीएम और डीएम कार्यालय में भी सूची उपलब्ध रहेगी। नया वोट बनवाने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकेगा।
इन सभी का निस्तारण 31 अगस्त तक करके 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी। वोटरों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं के नियम के तहत राज्य में पोलिंग बूथों की संख्या भी 11,733 से बढ़ाकर अब 12,543 कर दी गई है।

