देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्र और राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक प्रीतम सिंह और डॉ. हरक सिंह रावत ने पीएम नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा द्वारा आयोजित कार्यक्रमों और अग्निपथ योजना के भविष्य को लेकर सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए।
गणेश गोदियाल ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर लाखों दीपक जलाने की होड़ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भीषण महंगाई के दौर में गरीब और निर्धन परिवारों के घर चूल्हा जल रहा है या नहीं, इसकी चिंता सरकार को बिल्कुल नहीं है। लेकिन दूसरी तरफ पीएम के जन्मदिन के नाम पर हजारों लीटर तेल बहाकर दीप जलाए जा रहे हैं।
अग्निपथ योजना पर बोलते हुए गणेश गोदियाल ने सवाल उठाया कि इसी महीने चार साल की सेवा पूरी कर अग्निवीर वापस लौट रहे हैं। सरकार को तुरंत स्थिति साफ करनी चाहिए कि इन युवाओं के रोजगार और भविष्य के लिए क्या ठोस इंतजाम किए गए हैं।
कांग्रेस चुनाव प्रचार अभियान समिति के चेयरमैन प्रीतम सिंह ने कहा कि योजना के तहत केवल 25 प्रतिशत युवाओं को ही सेना में रुकने का मौका मिलेगा। उन्होंने सरकार से पूछा कि चार साल बाद बाहर होने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों के रोजगार के लिए सरकार क्या कदम उठा रही है, इसका जवाब सार्वजनिक होना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने अग्निपथ योजना को युवाओं के साथ धोखा बताते हुए कहा कि उनकी चार पीढ़ियों ने देश की सेवा की है और वे सैनिकों का दर्द समझते हैं। उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि आज उत्तराखंड के गांवों में अग्निवीरों से लोग अपनी बेटियों का विवाह करने तक में हिचकिचा रहे हैं।
हरक सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अग्निपथ योजना को तत्काल समाप्त कर पुरानी सेना भर्ती व्यवस्था बहाल करने की मांग की। इस मौके पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला और कर्नल राम रतन नेगी भी मौजूद रहे।

