Uttarakhand: 10 शहरों में नदियां होंगी साफ, ₹228 करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड में नमामि गंगे योजना के दायरे से बाहर छूटे 10 प्रमुख शहरों की नदियों को अब पूरी तरह प्रदूषण मुक्त बनाया जाएगा। इसके लिए पेयजल निगम ने ₹228 करोड़ का विशेष प्रोजेक्ट तैयार किया है, जिसके तहत गंदे नालों और सीवरेज को नदियों में गिरने से रोका जाएगा।

इस योजना के तहत विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय और मैदानी इलाकों में गंदे नालों को टैप किया जाएगा। साथ ही, घरों से निकलने वाले सीवरेज को सुरक्षित तरीके से फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  अग्निवीर भर्ती 2027: 5 अक्टूबर से शुरू होगा फिजिकल टेस्ट, 3000 अभ्यर्थी होंगे शामिल

केंद्र सरकार के इस प्रोजेक्ट के तहत नमामि गंगे से वंचित शहरों में सीवर की गंदगी रोकने पर जोर दिया जा रहा है। पेयजल निगम ने इसका ₹228 करोड़ का प्रस्ताव तैयार कर अंतिम स्वीकृति के लिए नियोजन विभाग को भेज दिया है।

राज्य स्तरीय वित्त समिति से हरी झंडी मिलते ही इस योजना पर धरातल पर काम शुरू हो जाएगा। छोटे और पहाड़ी शहरों में लगातार बढ़ती आबादी और सीवरेज के दबाव को देखते हुए इस योजना को प्राथमिकता दी जा रही है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के स्कूलों में अनिवार्य होगी मानसिक स्वास्थ्य जांच, तैयार हो रही SOP

राज्य में जल स्रोतों को दूषित होने से बचाने के लिए पेयजल विभाग आधारभूत ढांचे को मजबूत कर रहा है। इसी रणनीति के तहत जल निगम ने यह व्यापक एक्शन प्लान तैयार किया है।

प्रोजेक्ट के तहत आधुनिक फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट बनाए जाएंगे। इसके साथ ही घरों से सीवरेज एकत्र कर प्लांट तक ले जाने के लिए नए वाहनों की खरीद भी की जाएगी। योजना के तहत नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होंगे और नई सीवर लाइनें बिछाई जाएंगी। सीवेज पम्पिंग स्टेशनों के निर्माण के साथ खुले गंदे नालों को टैप कर सीधे ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें -  हिंदी दिवस समारोह: CM धामी बोले-'निज भाषा की उन्नति ही विकास का आधार', 126 छात्र हुए सम्मानित

स्वच्छ भारत मिशन के नए चरण के तहत तैयार इस प्रोजेक्ट पर पेयजल सचिव रणवीर सिंह चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और औपचारिक मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।