देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने राज्य के युवाओं को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न विभागों में कुल 1,632 सरकारी पदों पर भर्ती का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी इस परीक्षा कार्यक्रम के तहत अगस्त से दिसंबर के बीच लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने जानकारी दी कि पूर्व में जारी भर्ती कैलेंडर के तहत सभी परीक्षाएं समय पर पूरी कराई जाएंगी। आयोग का लक्ष्य है कि वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले दिसंबर तक इन सभी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शिता के साथ संपन्न कर लिया जाए।
आयोग द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के तहत सहायक लेखाकार के 305 पदों के लिए लिखित परीक्षा 23 अगस्त को आयोजित होगी, जबकि स्केलर वन विकास निगम के 200 पदों पर भर्ती के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 20 सितंबर से शुरू की जाएगी। इसके बाद सामान्य इंटर स्तरीय 569 पदों पर लिखित परीक्षा 04 अक्टूबर को, वैयक्तिक सहायक के 101 पदों के लिए 12 अक्टूबर को और आईटीआई डिप्लोमा के 78 पदों पर लिखित परीक्षा 01 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
आगे के शेड्यूल के अनुसार वन, सचिवालय और पुलिस आरक्षी के 179 पदों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 16 नवंबर से आयोजित की जाएगी। वहीं विज्ञान अर्हता के 21 पदों के लिए लिखित परीक्षा 29 नवंबर को, स्नातक स्तरीय अर्हता के 106 पदों के लिए 06 दिसंबर को और विशिष्ट अर्हता के 73 पदों के लिए लिखित परीक्षा 20 दिसंबर को तय की गई है।
आयोग द्वारा इस प्रकार समयबद्ध तरीके से परीक्षा कैलेंडर जारी होने से राज्य के हजारों अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी को सही दिशा देने में मदद मिलेगी। इस पर आयोग अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि तय समय-सीमा के भीतर परीक्षाएं कराकर जल्द से जल्द सफल उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

