गरमियों के महीने में उत्तराखंड की वादियां तीर्थयत्रियों और सैलानियों से लबालब रहती हैं। मैदानी इलाकों की चिलचिलाती गरमी से राहत पाने तीर्थयात्री और सैलानी सूबे का रुख करते हैं। तीर्थयात्रियों को देवभूमि में आराध्यों के दर्शन के बाद आध्यत्मक संतोष की प्राप्ति होती है तो सैलानियों को दिलकश नजारों के बीच वक्त गुजारने से सुकून हासिल होता है।
सैलानियों के लिए ये गुड न्यूज है कि एक जून से वे फूलों की घाटी में दाखिल हो सकेंगे और खूबसूरत रंग-बिरंगे फूलों का दीदार कर पाएंगे। फूलों की घाटी नेशनल पार्क प्रशासन ने पर्यटकों के खैरमकदम के लिए घाटी के पैदल रास्तों को दुरुस्त कर दिया है। हालांकि छुट-पुट काम अभी जारी है।
पार्क प्रशासन का मानना है कि 01 जून को फूलों का दीदार करने वाले पर्यटकों को सब कुछ चकाचक मिलेगा। बताया जा रहा है कि फूलों की घाटी में इस बार 500 से ज्यादा फूलों की प्रजातियां घाटी की रौनक बढ़ा रही हैं। तय है कि, बेहिसाब फूलों से लबरेज घाटी फूलो के शौकीन सैलानियों को सुकून देने में कामयाब होगी जिसकी हसरत लिए सैलानी घाटी की ओर रुख करेंगे

