खिलाड़ियों पर मेहरबान हुई उत्तराखंड की धामी सरकार

ख़बर शेयर करें

38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का नाम रोशन करने वाले 130 पदक विजेताओं पर सूबे की धामी सरकार मेहरबान हुई है। राज्य सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए दफ्तरों के द्वार बतौर कर्मचारी खोल दिए हैं। पदक विजेताओं को शिक्षा विभाग ने व्यायाम शिक्षक का पद और 5400 ग्रेड पे करने पर सहमति जताई है ।

हालांकि धामी सरकार राष्ट्रीय खेलों में अपने कौशल से पदक झटकने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों को नौकरी देेने का प्लान खेल आयोजन खत्म होने के बाद से ही बना रही थी। लेकिन कई तकनीकी अड़चनो के चलते नौकरी देने का काम अटक गया था। लेकिन अब ग्रेड पे की तकनीकी अड़चन खत्म हो गई है। विभागीय सहमति के बाद अब शासन की मंजूरी का इंतजार है। मामला ओके होते ही खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी के दरवाजे खुल जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026' में देहरादून को मिला 12वां स्थान, जबकि ऋषिकेश-काशीपुर फिसले

आपको बता दें की सीएम धामी की घोषणा के बाद पदक विजेताओं को नौकरी देने की प्रक्रिया तेज हुई थी। तय है कि अब उत्तराखंड के खिलाड़ियों का सरकारी नौकरी का सपना हकीकत बनने जा रहा है। शिक्षा विभाग ने व्यायाम शिक्षक के पद को अपग्रेड कर 5400 ग्रेड पे करने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है. शासन से हरी झंडी मिलते ही पदक विजेताओं की सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

दरअसल सीएम घामी की सहमति के बाद मामला इसलिये लटका था कि उत्तराखंड की खेल नीति-2021 में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को 4200 ग्रेड पे या उससे ऊपर के पदों पर ही आउट ऑफ टर्न नियुक्ति देने का प्राविधान है। जबकि बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक एलटी का ग्रेड पे 4200 है, जबकि एलटी ग्रेड के व्यायाम शिक्षक का ग्रेड पे 4600 है।

यह भी पढ़ें -  Kedarnath Heli Booking: मात्र 1 ही घंटे में 30 सितंबर तक के सभी स्लॉट बुक, 15 सितंबर से दोबारा होगी शुरु

इसी तकनीकी पेंच के चलते शिक्षा विभाग में पद खाली होने के बावजूद 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं की नियुक्ति नहीं हो पा रही थी। खिलाड़ी 4200 ग्रेड पे से कम के पद पर जॉइन करने को तैयार नहीं थे, क्योंकि 4200 से कम ग्रेड पे पर खेल कोटे की नियुक्ति का प्रावधान ही नहीं है। ऐसे में शिक्षा महानिदेशक ने इस गतिरोध को तोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार किया कि एलटी ग्रेड के व्यायाम शिक्षकों का ग्रेड पे 4600 से बढ़ाकर 5400 कर दिया जाए। विभागीय स्तर पर हुई उच्च स्तरीय बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बन गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 5400 ग्रेड पे होने से यह पद खेल नीति के दायरे में आ जाएगा और पदक विजेताओं को सीधी नियुक्ति दी जा सकेगी। खबर है कि विभागीय प्रस्ताव इसी सप्ताह शासन को भेजा जा रहा खेल निदेशक जितेन्द्र कुमार सोनकर ने स्पष्ट किया कि फिलहाल केवल 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को ही शिक्षा विभाग में व्यायाम शिक्षक के पद पर सीधी नियुक्ति का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें -  हल्द्वानी बनभूलपुरा मामला: CM धामी ने साफ किया सरकार का रुख, बोले-'कानून का पालन हमारी प्राथमिकता'

गौरतलब है कि दूसरी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए अलग से नीति के तहत विचार किया जाएगा. विभाग के पास अभी एलटी ग्रेड व्यायाम शिक्षकों के 243 से ज्यादा पद खाली हैं। माना जा रहा है कि शासन से ओके रिपोर्ट मिलते ही राष्ट्रीय खेलों मेंं पदक जीतने वाले धामी राज में सरकारी नौकरी भी पा जाएंगे।