देहरादून। उत्तराखंड की सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण का मुद्दा अब सड़कों से निकलकर सीधे विधायक आवास तक पहुंच गया है। सेलाकुई क्षेत्र के स्वास्तिक एन्क्लेव, शिवालिक एन्क्लेव और श्रीराम पुरम के ग्रामीण उत्तराखंड क्रांति दल नेता निरंजन चौहान के नेतृत्व में विधायक सहदेव पुंडीर के आवास का घेराव करने पहुंचे। इस दौरान अपनी समस्याओं का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों और स्थानीय विधायक के समर्थकों के बीच तीखी बहस हो गई।
विधायक आवास पहुंचे ग्रामीणों का आरोप था कि वे लंबे समय से अपने इलाकों में जर्जर सड़कों के निर्माण की मांग कर रहे हैं। बार-बार गुहार लगाने और आश्वासन मिलने के बावजूद धरातल पर अब तक कोई काम शुरू नहीं हुआ है। खस्ताहाल सड़कों से परेशान होकर अंततः ग्रामीणों को जनप्रतिनिधि के आवास पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
जानकारी के मुताबिक, जब ग्रामीण विधायक सहदेव पुंडीर के आवास पर पहुंचे तो पहले तो बातचीत शुरू हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्मा गया। सड़क निर्माण की मांग को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा खड़ा हो गया और काफी देर तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।
मांगों पर अड़े प्रदर्शनकारी, आवास के बाहर ही धरने पर बैठे
हंगामे के बाद उग्र प्रदर्शनकारी ग्रामीण और यूकेडी कार्यकर्ता विधायक आवास के बाहर ही धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सड़क निर्माण कार्य तुरंत शुरू कराने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, वे अपना आंदोलन वापस नहीं लेंगे। ग्रामीणों ने विधायक और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
सहसपुर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले सेलाकुई के स्वास्तिक एन्क्लेव, शिवालिक एन्क्लेव और श्रीराम पुरम क्षेत्रों में सड़कों की हालत काफी दयनीय बनी हुई है। यूकेडी नेता निरंजन चौहान की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द ही सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।

