देहरादून। कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी आज शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देश के सबसे ज्वलंत मुद्दे ‘पेपर लीक’ पर युवाओं के साथ सीधा मोर्चा संभालेंगे। वे नीट, CBSE और राज्य की भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से सीधा संवाद करेंगे और राज्य में आगामी चुनावों का शंखनाद करेंगे।
करीब साढ़े चार साल के लंबे अंतराल के बाद राहुल गांधी का यह देहरादून दौरा हो रहा है। इससे पहले वह दिसंबर 2021 में परेड ग्राउंड में आयोजित विजय दिवस समारोह का हिस्सा बनने देहरादून आए थे, जिसके बाद अब उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
तय शेड्यूल के अनुसार, राहुल गांधी आज शाम चार बजे विशेष उड़ान से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे राजपुर रोड स्थित एक होटल में जाकर वे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में बैठक करेंगे और शाम ठीक पांच बजे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के लिए रवाना होंगे।
देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में होने वाले इस संवाद कार्यक्रम के जरिए राहुल गांधी सीधे तौर पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को घेरेंगे। इस मंच से वे न केवल पेपर लीक पर युवाओं की आवाज बुलंद करेंगे, बल्कि रोजगार और युवाओं के सुरक्षित भविष्य को लेकर कांग्रेस की नीतियों का रोडमैप भी सामने रखेंगे।
कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में 50 हजार युवाओं को जुटाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों का ऐसा गुस्सा और उत्साह दिखा कि अब तक 4 लाख से अधिक युवाओं ने इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया है। इस ऑनलाइन पंजीकरण में उत्तराखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों के छात्र भी बड़ी संख्या में शामिल हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कार्यक्रम की तैयारियों की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश से छात्रों और युवाओं का हुजूम देहरादून पहुंच रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में एक नया अध्याय लिखेगा। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए दिल्ली से आई कांग्रेस की विशेष कोर टीम ने खुद कमान संभाल रखी है।

