उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस बयान पर कड़ा पलटवार किया है, जिसमें उन्होंने उत्तराखंड को दिल्ली से ‘रिमोट कंट्रोल’ द्वारा चलाए जाने की बात कही थी। अल्मोड़ा की रैली में राहुल गांधी द्वारा दिए गए इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट कहा कि देश के भीतर राहुल गांधी को कोई भी व्यक्ति गंभीरता से नहीं लेता है और उन्हें खुद भी यह पता नहीं होता कि वह कब क्या बोल रहे हैं।
सीएम धामी ने चुटकी लेते हुए कहा कि जब राहुल गांधी राजनीति में नए आए थे, तब से उनकी पार्टी उन्हें लॉन्च करने का प्रयास कर रही है, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी कांग्रेस उन्हें आज तक राजनीति में पूरी तरह लॉन्च नहीं कर पाई है। मुख्यमंत्री ने साफ किया कि विपक्ष को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या सरकार का विरोध करने का पूरा हक है, लेकिन राहुल गांधी जिस तरह देश के सैनिकों और राज्य के लोगों के बारे में अनर्गल बयानबाजी करते हैं, उसे उत्तराखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर देश के सैनिकों के अपमान का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि क्या कोई देश अपनी ही सेना से सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे बड़े सैन्य अभियानों के सबूत मांगता है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अब भारतीय सेना के शौर्य, साहस और पराक्रम को साबित करने के लिए किसी तरह के सर्टिफिकेट की आवश्यकता पड़ेगी।
इसके साथ ही सीएम धामी ने देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ दिवंगत जनरल बिपिन रावत का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी ने उत्तराखंड के इस महान सपूत के खिलाफ जिस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था, उसे देशवासी कभी भूल नहीं सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में जाकर भी भारत का मजाक उड़ाते हैं और देश का अपमान करने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है और उसे देश का नंबर एक राज्य बनाने के लिए हर क्षण काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने भीमताल में आयोजित पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम के दौरान ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन को दुनिया की एक बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि लगातार आ रही प्राकृतिक आपदाएं हमें सचेत कर रही हैं, इसलिए प्रकृति की रक्षा के लिए हमें जनशक्ति की अत्यधिक आवश्यकता है। इसके अलावा, क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और पर्यटन को सुगम बनाने के विषय पर बात करते हुए सीएम धामी ने आश्वस्त किया कि कैंची धाम में लगने वाले भारी जाम से निपटने के लिए तेजी से काम चल रहा है।

