आने वाले वक्त में नालापानी रोड़ पर नदी किनारे का हिस्सा आपको हरा-भरा महसूस होगा। हो सकता है कुछ पेड़ों पर आपको फल लगे मिले कुछ से औषधियों की खुशबू और कुछ फूल भी आपको मोहित कर सकते हैं। ऐसे खुशगवार माहौल को देने के लिए आप MDDA को थैंक्यू कहना नहीं भूलोगे।
जी हां पर्यावरण दिवस के मौके पर MDDA ने इस इलाके में 300 पौधे रोपे हैं, जिनमें कुछ फलदार हैं तो कुछ फूल वाले और कुछ औषधीय पौधे। तय है कि मौसम ने साथ दिया और MDDA स्थानीय लोगों को जागरूक कर पाई तो नालापानी में नदी का किनारा बेहद खूबसूरत नजर आएगा।ये तीन सौ पौधे युवा कल्याण दफ्तर के आस-पास के इलाके को हसीन बना देंगे।
ऐसे में MDDA के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने दून वासियो के साथ-साथ सभी प्रदेश वासियों से अपील की है कि वे एक पेड़ जरूर लगाएं क्योंकि पर्यावरण को बचाने के लिए सिर्फ एक दिन काफी नहीं है बल्कि ये एक बिना रुकावट का निरंतर चलने वाला कार्यक्रम है, जिसमें जनभागीदारी जरूरी है।
तिवारी ने कहा पौध रोपना ही काफी नहीं बल्कि इनकी देखभाल तब तक जरूरी है जब तक ये पेड़ नहीं बन जाते। लिहाजा MDDA की पूरी कोशिश रहेगी कि इन पौधों को पेड़ बनने तक नियमित देखभाल हो। तिवारी ने कहा इस इलाके को MDDA हरित पार्क के रूप में विकसित करेगा ताकि इलाके के लोगों को सुकून हासिल हो सके।
पर्यावरण दिवस पर आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में MDDA का साथ 127 इंफैंट्री बटालियन (टोरिटोरियल आर्मी) गढ़वाल राइफल के अधिकारी जूनियर कमीशंड अधिकारी और जवानो ने दिया। उम्मीद है कि आने वाले वक्त में MDDA की मेहनत रंग लाएगी।

