हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कई विकास घोषणाएं कीं। उन्होंने कन्या डिग्री कॉलेज, बंद पड़े पुल और सड़क-नाला निर्माण के ऐलान के साथ ट्यूबवेल बिल पर परीक्षण कराने और गन्ना मूल्य पर जल्द निर्णय लेने की बात कही, जिसका सीधा असर मंगलौर क्षेत्र के लोगों व किसानों पर पड़ेगा।
मंगलौर रैली में सीएम धामी ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और लिब्बरहेड़ी में ही गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल के निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा नारसन खुर्द में नाले की सफाई व पक्के नाले के निर्माण, सराय राजवाहे की पटरी के निर्माण, टिकौला कलां में सिलाखाला पर तटबंध निर्माण और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण का ऐलान किया गया।

ट्यूबवेल के विद्युत बिल माफ करने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा। गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती रही है, पिछले वर्ष भी वृद्धि हुई थी और इस वर्ष भी शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र व राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से उत्तराखंड में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार और हर वर्ग का उत्थान हो रहा है। उन्होंने बताया कि मंगलौर क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल के तहत नारसन सीएचसी में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट बनी है और लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक स्वीकृत किए गए हैं।

योजनाओं के आंकड़े रखते हुए उन्होंने कहा कि मंगलौर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक आवास, स्वच्छ भारत मिशन में 21 हजार से अधिक शौचालय, 32 हजार से अधिक आयुष्मान कार्ड बने हैं और जल जीवन मिशन में ₹58 करोड़ से अधिक की 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को मंजूरी मिली है। किसानों को तीन लाख रुपये तक ब्याजमुक्त कृषि ऋण, निःशुल्क नहर सिंचाई, फार्म मशीनरी बैंक योजना में 80 प्रतिशत तक अनुदान और फसल बीमा योजना का लाभ भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की स्मृतियों को संजोने के लिए 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया और पांच स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं, जबकि युवाओं, किसानों व मातृशक्ति के सशक्तिकरण के साथ उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प जारी है।

रैली में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, कार्यक्रम संयोजक करतार सिंह भड़ाना, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, विधायक मनमोहन भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, राजेन्द्र सिंह, कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन, कविन्द्र चौधरी, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अन्य जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

