देहरादून। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत आज राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज हुई। देहरादून स्थित उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में यह अभ्यास आयोजित किया गया, जिससे सभी 13 जिलों की आपदा तैयारियों का परीक्षण किया गया।
इस टेबल टॉप एक्सरसाइज के साथ ही राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई। अभ्यास में सभी 13 जनपदों के अधिकारियों और संबंधित विभागों ने हिस्सा लिया, जहां संभावित आपदा स्थितियों पर पूर्व तैयारी, त्वरित प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता, आपातकालीन संचार, राहत-बचाव कार्ययोजना और कमांड व नियंत्रण व्यवस्था को परखा गया।
अभ्यास के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिदृश्य दिए गए। उनसे यह जाना गया कि सूचना मिलने से लेकर घटनास्थल पर राहत-बचाव दलों की तैनाती, प्रभावितों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा, राहत सामग्री पहुंचाने और अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने की कार्ययोजना क्या रहेगी।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के समय प्रतिक्रिया व्यवस्था की तत्परता और प्रभावशीलता जांचना है। उन्होंने कहा कि आपदा में कुछ मिनटों का समय भी अहम होता है, इसलिए हर जिले में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि सूचना मिलने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या कार्रवाई करेगी, संसाधन कहां से जुटाए जाएंगे, संचार कैसे स्थापित होगा और कमांड व नियंत्रण कैसे चलेगा।
सचिव सुमन ने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने सिखाया है कि कठिन परिस्थितियों में मजबूत समन्वय, स्पष्ट भूमिका, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक होता है। इसी सीख को आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में और मजबूत करने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल की जा रही है।
इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसके राणा और दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों व जिलों के अधिकारी मौजूद रहे।
सचिव आपदा प्रबंधन ने बताया कि 28 नवंबर को सभी 13 जनपदों में राज्य स्तरीय मॉक ड्रिल होगी। यह मॉक ड्रिल राज्य स्तर से तहसील और स्थानीय स्तर तक होगी, जिसमें लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा व आपातकालीन परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के दौरान राहत शिविरों की स्थापना और संचालन का अभ्यास भी होगा। साथ ही आपदा प्रबंधन व आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की ओर से आधुनिक उपकरणों, खोज व बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों और आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग अपने संसाधन व उपकरण प्रदर्शित कर संचालन का अभ्यास करेंगे।
आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर राज्य के सरकारी कार्यालयों में आपदा सुरक्षा की समीक्षा की जा रही है। इसके अलावा स्कूलों में मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम तथा वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन व चित्रकला प्रतियोगिताएं हो रही हैं, जबकि विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों व स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए जा रहे हैं।

