देहरादून। शिक्षा विभाग में तबादला एक्ट की धारा-27 के तहत शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, जिसके लिए अब तक प्रदेश भर से तीन हजार से अधिक शिक्षक आवेदन कर चुके हैं। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आवेदनों के साथ लगे दस्तावेजों का संकलन और परीक्षण करने के बाद इन्हें मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी के सामने रखा जाएगा, जो आगे की प्रक्रिया तय करेगी।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, तबादलों के लिए प्रवक्ता संवर्ग में कुल 309 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें विभिन्न श्रेणी के सामान्य संवर्ग में 284 और महिला संवर्ग में 25 शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन किया है। सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में गढ़वाल की तुलना में कुमाऊं मंडल से अधिक शिक्षकों ने धारा-27 के तहत तबादले के लिए आवेदन किया है। गढ़वाल मंडल से सहायक अध्यापक एलटी संवर्ग में कुल 842 आवेदन मिले हैं।
वहीं, कुमाऊं मंडल के कुल 1116 शिक्षकों ने तबादलों के लिए आवेदन किया है, जिनमें सामान्य संवर्ग के 1007 और महिला संवर्ग के 109 शिक्षक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त बेसिक शिक्षा विभाग में भी एक हजार से अधिक शिक्षकों ने स्थानांतरण के लिए आवेदन जमा किए हैं।
तबादला प्रक्रिया को लेकर शिक्षक संगठनों ने भी शासन से जल्द निर्णय लेने की मांग उठाई है। जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विनोद थापा ने कहा कि पिछले चार से पांच साल से धारा-27 के तहत शिक्षकों से तबादलों के लिए आवेदन मांगे गए, लेकिन तबादले नहीं किए गए।
विनोद थापा ने कहा कि अब चुनाव आचार संहिता लगने वाली है, इसलिए शासन को इससे पहले ही तबादला सूची जारी करनी चाहिए। वहीं, राजकीय शिक्षक संघ के पूर्व प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली ने कहा कि कई शिक्षक गंभीर रूप से बीमार हैं और इन शिक्षकों को प्राथमिकता से तबादलों का लाभ मिलना चाहिए।

