उत्तराखंड: न्याय पंचायत से राज्य स्तर तक बढ़ी खिलाड़ियों की इनामी राशि, जानें सीएम धामी के फैसलों की पूरी डिटेल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने समेत खेल, कार्मिक और विकास से जुड़े कई फैसलों को मंजूरी दी है। इन निर्णयों से प्रदेश के खिलाड़ियों, ग्राम पंचायतों, प्रांतीय रक्षक दल के जवानों, सफाई कर्मियों और चम्पावत के मेला क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा।

‘मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी’ के तहत न्याय पंचायत स्तर पर विजेताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाई गई है। अब प्रथम पुरस्कार ₹300 के बजाय ₹400, द्वितीय पुरस्कार ₹200 के बजाय ₹300 और तृतीय पुरस्कार ₹150 के बजाय ₹200 मिलेगा। विधानसभा स्तर पर भी खिलाड़ियों की इनामी राशि में बढ़ोतरी की गई है। यहां प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः ₹500, ₹400 और ₹300 से बढ़ाकर क्रमशः ₹700, ₹500 और ₹400 कर दी गई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: गुरु पर्व पर सीएम धामी का संबोधन: 'सरबत दा भला' की भावना और सिख परंपरा के गौरवशाली इतिहास को किया नमन

संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर के विजेताओं की पुरस्कार राशि में भी इजाफा किया गया है। संसदीय क्षेत्र स्तर पर यह राशि ₹800, ₹600 और ₹400 से बढ़ाकर क्रमशः ₹1,000, ₹800 और ₹600 की गई है, जबकि राज्य स्तर पर ₹1,500, ₹1,000 और ₹700 से बढ़ाकर क्रमशः ₹2,000, ₹1,500 और ₹1,000 कर दी गई है।

ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की राशि भी दोगुनी कर ₹5 लाख से ₹10 लाख करने को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही प्रतियोगिता में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने और कुल बजट में जरूरी बढ़ोतरी को स्वीकृति मिली है, जिसमें प्रदेश के पारंपरिक खेलों को खास तौर पर शामिल किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड मौसम अपडेट: नवंबर के अंत में भी दिन में गर्मी का अहसास, सामान्य से 3 डिग्री ऊपर चढ़ा पारा

ग्रामीण स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ बनाने का फैसला भी लिया गया है। इससे गांवों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल सकेगा। कर्मचारियों से जुड़े फैसलों में पीआरडी जवानों को होमगार्ड जवानों की तरह मानदेय देने के लिए समिति बनाकर आगे की कार्रवाई करने को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में काम कर रहे सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिली है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में भ्रष्टाचार पर सीएम धामी की स्पष्ट दो टूक: 'बड़े से बड़ा अफसर हो या कर्मचारी, किसी को नहीं बख्शेंगे'

अन्य विकास कार्यों के तहत आमवाला स्थित युवा केंद्र के पास की खाली जमीन को मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की स्वीकृति दी गई है। वहीं, चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए ₹109.88 लाख मंजूर किए गए हैं।