चमोली: सड़क न होने से 3 किमी पैदल चली प्रसव पीड़िता, रास्ते में ही दिया बेटी को जन्म; वीडियो वायरल

ख़बर शेयर करें

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में सड़क सुविधा न होने के कारण बीते रविवार को एक प्रसव पीड़िता को तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में बेटी को जन्म दे दिया। ग्राम पंचायत गनोली के मौली तोक की 24 वर्षीय गायत्री देवी के साथ हुई इस घटना ने पहाड़ के गांवों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को एक बार फिर उजागर किया है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की संभावित तारीखें आई सामने! 27-30 जनवरी के बीच लग सकती है आचार संहिता

जानकारी के अनुसार, मौली तोक निवासी गायत्री देवी (24) को शनिवार शाम से प्रसव पीड़ा शुरू हो गई थी, लेकिन गांव तक सड़क सुविधा न होने के कारण वाहन से ले जाना संभव नहीं हो सका। रविवार सुबह उनके पति, ग्राम प्रधान और आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए पैदल निकले।

गांव में सड़क न होने के चलते गायत्री देवी को तीन किलोमीटर पैदल चलकर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ा। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दर्द बढ़ने पर उन्होंने रास्ते में ही बेटी को जन्म दे दिया। रास्ते में प्रसव होने के बाद साथ मौजूद ग्राम प्रधान, आशा कार्यकर्ता कुसुम देवी और पति ने संभालते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया। वहां उपचार के बाद जच्चा और बच्चे दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें -  बड़ा फेरबदल: 10 आईपीएस अधिकारियों के तबादले, कई को मिली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी....

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें पहाड़ी रास्ते की मुश्किलें और ग्रामीणों की परेशानी देखी जा सकती है। स्थानीय स्तर पर बताई गई जानकारी के मुताबिक, गैन-कांगुला-सैंजकट्टा सड़क पर तीन किलोमीटर हिस्से की स्वीकृति न मिल पाने के कारण ग्रामीणों को आज भी पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: टिहरी नगर में हुई श्री घण्टाकर्ण राष्ट्रीय विकास समिति की बैठक, तीन दिवसीय कथा आयोजन पर बनी सहमति

तीन किलोमीटर सड़क की स्वीकृति अटकी होने से मौली तोक और आसपास के ग्रामीणों को रोजमर्रा की आवाजाही के साथ-साथ आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के समय पर पहुंचने में बड़ी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।