देहरादून। उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम में चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच कर रही तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति ने साढ़े चार माह बाद अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली इस समिति ने 300 से अधिक पेज की रिपोर्ट में कांच की दीवारों के भीतर चढ़ावे की गिनती करने और गणना ड्यूटी में तैनात कर्मियों को बिना जेब वाले कपड़े पहनाने जैसे कड़े सुझाव दिए हैं।
बदरीनाथ धाम में चढ़ावे में हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने यह उच्च स्तरीय समिति गठित की थी। समिति में अध्यक्ष गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप के अलावा एनएचएम के मिशन निदेशक संदीप तिवारी और वित्त अधिकारी जगत सिंह चौहान शामिल थे।
समिति ने जांच पूरी कर यह विस्तृत रिपोर्ट मुख्य सचिव और पर्यटन सचिव को सौंपी है। इसमें चढ़ावे की गिनती से लेकर प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और बैंक खाते में धनराशि जमा कराने तक की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की सिफारिश की गई है। चढ़ावा गणना को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए समिति ने रिपोर्ट में कई अहम सुझाव दिए हैं। इसके तहत कांच की दीवारों के भीतर चढ़ावे की गिनती करने और कक्ष में 360 डिग्री सीसीटीवी कैमरे लगाने की सिफारिश की गई है।
इसके साथ ही गिनती में शामिल कर्मचारियों और स्वयंसेवकों की पहचान सुनिश्चित करने तथा उनकी ड्यूटी व आने-जाने के समय पर निगरानी रखने का सुझाव दिया गया है। समिति ने यह भी कहा है कि गणना ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को बिना जेब वाले कपड़े दिए जाएं और कक्ष में प्रवेश व बाहर निकलते समय उनकी सख्त तलाशी ली जाए।
इस रिपोर्ट को तैयार करने से पहले समिति ने देश के 14 प्रमुख मंदिरों में चढ़ावा गिनती की व्यवस्था का अध्ययन किया। इनमें तिरुपति बालाजी, काशी विश्वनाथ मंदिर, वैष्णो देवी, स्वर्ण मंदिर, अक्षरधाम मंदिर दिल्ली, महाकालेश्वर मंदिर उज्जैन और जगन्नाथपुरी मंदिर ओडिशा सहित अन्य मंदिर शामिल रहे।
अन्य मंदिरों की कार्यप्रणाली देखने के साथ ही समिति ने बदरीनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों व कर्मचारियों के बयान दर्ज किए। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल साक्ष्यों और गिनती की पूरी प्रक्रिया की पड़ताल के बाद 300 से अधिक पेज की यह रिपोर्ट तैयार की गई है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि धामों में दोबारा इस तरह के प्रकरणों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए देश के कई मंदिरों की व्यवस्था व प्रबंधन का अध्ययन कर पारदर्शी व्यवस्था के सुझाव दिए गए हैं।

