देहरादून में एक लाख घरों को पीएनजी गैस का इंतजार, सितंबर के बाद काम बंद

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में घरों तक पाइपलाइन के जरिए रसोई गैस पहुंचाने की योजना धीमी गति और सड़क खुदाई की अनुमति न मिलने के कारण रुकी हुई है, जिससे एक लाख से अधिक परिवारों को पीएनजी कनेक्शन का इंतजार है। गेल गैस उत्तराखंड के जीएम अंबुज गौतम के अनुसार, सितंबर में मिली एक महीने की अनुमति के दौरान काम किया गया था, लेकिन उसके बाद से कार्य बंद है और अब नई अनुमति मिलने पर ही काम फिर शुरू हो पाएगा।

राजधानी में केंद्र सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत गेल के पास घरेलू कनेक्शन के लिए आवेदन लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर पाइपलाइन बिछाने की रफ्तार थमी हुई है। सितंबर के बाद से काम बंद होने के कारण परियोजना की समयसीमा और क्रियान्वयन पर भी सवाल उठ रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  बदरीनाथ चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच रिपोर्ट शासन को सौंपी, जांच समिति ने दिए बड़े सुझाव

पीएनजी परियोजना में देरी के पीछे सबसे बड़ा कारण मौसम और प्रशासनिक अनुमति की जटिलता है। जून से सितंबर तक करीब चार-पांच महीने के मानसून सीजन में प्रशासन सड़क खराब होने और यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते खुदाई की अनुमति बंद रखता है, जबकि सितंबर के बाद मौसम देखकर एक या दो महीने की ही अनुमति मिल पाती है।

आंकड़ों के मुताबिक, गेल द्वारा शुरुआत में शुरू किए गए ऑफलाइन पंजीकरण को दूनवासियों ने हाथों-हाथ लिया और एक लाख से ज्यादा लोगों ने पीएनजी कनेक्शन के लिए आवेदन कर दिया। शुरुआती चरण में तेजी दिखाते हुए गेल ने इनमें से 40 हजार घरों में मीटर भी लगा दिए।

मीटर लगने के बाद जब सड़क खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने और घरों को मुख्य लाइन से जोड़ने का काम आया, तो अनुमति की प्रक्रिया रोड़ा बन गई। स्थिति यह है कि जिन 40 हजार घरों में मीटर लग चुके हैं, उनमें से अब तक मात्र पांच हजार घरों में ही पीएनजी की आपूर्ति चालू हो सकी है।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में सीएम धामी ने किया सामाजिक समरसता का आह्वान, कहा- वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

बीते मार्च के आसपास जब गैस किल्लत के कारण सिलिंडर खाली होने से लोग परेशान थे, तब पीएनजी कनेक्शन वाले घरों में रसोई गैस की निर्बाध सप्लाई जारी रही थी। उस दौरान मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी स्थानीय प्रशासन और गेल अधिकारियों को कड़े निर्देश देकर काम तेज करने को कहा था, लेकिन इसके बाद भी रफ्तार नहीं बढ़ पाई।

इस मामले पर गेल गैस उत्तराखंड के जीएम अंबुज गौतम ने कहा कि कंपनी अपना काम तेजी से करती है और मौसम खराब होने या अन्य समस्याओं के बावजूद काम रुकता नहीं है। उन्होंने बताया कि मार्च के बाद से तीन हजार घरों में पीएनजी शुरू की जा चुकी है और 100 से ज्यादा वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में गैस आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।

यह भी पढ़ें -  भीमताल झील के संरक्षण के लिए SARRA का बैथिमेट्रिक सर्वेक्षण पूरा, गहराई और गाद का होगा सटीक आकलन

जीएम अंबुज गौतम के अनुसार, सितंबर महीने में एक महीने की अनुमति मिलते ही टीम ने तेज गति से काम किया था और अब प्रशासन से अनुमति मिलते ही काम दोबारा शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, स्थानीय स्तर पर यह मांग उठ रही है कि गेल एक साथ लंबी अवधि की अनुमति के लिए आवेदन करे और प्रशासन समन्वय बनाकर मंजूरी दे, ताकि दून के लोगों को जल्द पीएनजी सुविधा मिल सके।