हरिद्वार में सीएम धामी ने किया सामाजिक समरसता का आह्वान, कहा- वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने संत रविदास जी के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन में उतारने का आह्वान किया, जिसका सीधा संदेश प्रदेश के वंचित और अनुसूचित जाति वर्ग के सशक्तिकरण से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि संत रविदास जी की समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखण्ड देश का पहला राज्य बना है, जहां समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी कानून लागू किया गया। उन्होंने कहा कि इस कानून के जरिए देवभूमि के हर नागरिक के लिए एक समान व्यवस्था बनाई गई है, जिससे जाति, पंथ या वर्ग के भेदभाव के बिना कानून की नजर में सभी बराबर हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखनी चाहिए। इसी सोच के साथ राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।

यह भी पढ़ें -  सीएम धामी ने चम्पावत को दी ₹165.68 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात, बोले- 'आदर्श चम्पावत' से बनेगा आदर्श उत्तराखंड

वित्तीय योजनाओं की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग ₹239 करोड़ जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई न छूटे, इसके लिए पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं चलाई जा रही हैं।

छात्रवृत्ति योजनाओं के आंकड़े साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग ₹114 करोड़ की छात्रवृत्ति दी गई है। इसके अलावा प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाएं विकसित कर उन्हें आदर्श ग्राम बनाया जा रहा है।

विद्यार्थियों के लिए आवासीय सुविधाओं का जिक्र करते हुए श्री धामी ने कहा कि बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही प्रदेश में अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी संचालित हो रही है, जिसमें दंपत्ति में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है।

यह भी पढ़ें -  यूपी-उत्तराखंड बॉर्डर पर डबल मर्डर, इलाके में दहशत

मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरजातीय विवाह योजना के तहत पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है। वहीं, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक मदद के लिए शादी अनुदान योजना चलाई जा रही है, जिसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी ₹50 हजार सीधे दिए जा रहे हैं।

स्वच्छकार समाज के कल्याण पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छकार भाई-बहनों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार के लिए नमस्ते योजना संचालित की जा रही है। इस योजना के माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर व सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त कर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड की खनन नीति का देशभर में बजा डंका, अब छत्तीसगढ़ भी अपनाएगा ई-चेक गेट मॉडल...!

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उत्तराखण्ड सरकार संत रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को साकार कर रही है। इस कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज और महंत अरुणदास जी महाराज समेत कई संत मौजूद रहे।

आयोजन में पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री खजान दास व प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी और रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल ने भी शिरकत की।

इनके साथ दायित्वधारी देशराज कर्णवाल व श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।