देहरादून। उत्तराखंड शासन ने स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) के तबादले कर दिए हैं। शासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार विभिन्न जिलों में नए मुख्य चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती की गई है। माना जा रहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी तथा जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
जारी आदेशों के तहत डॉ. योगेश पुरोहित को अल्मोड़ा का नया मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. रश्मि पंत को नैनीताल जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डॉ. हरिश्चंद्र पंत को पिथौरागढ़ का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. अमित कुमार शुक्ला को रुद्रप्रयाग जिले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी नियुक्त किया गया है।
शासन ने डॉ. राम प्रकाश को टिहरी गढ़वाल तथा डॉ. श्याम विजय को उत्तरकाशी जिले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी बनाया है। इन अधिकारियों को शीघ्र ही अपने-अपने नए पदस्थापना स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में हुए इस बंपर तबादला आदेश को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने और जिलों में चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसे में वरिष्ठ अधिकारियों की नई तैनाती से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि आगामी स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, अस्पतालों की व्यवस्थाओं में सुधार तथा जनसामान्य को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है। शासन द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

