देहरादून। उत्तराखंड की अति महत्वपूर्ण 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए यूजेवीएनएल प्रबंधन ने कवायद तेज कर दी है। देहरादून में यह फैसला लिया गया है कि परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति की अब हर सप्ताह गहन समीक्षा की जाएगी।
यूजेवीएनएल मुख्यालय में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में रविवार को आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में परियोजना की प्रगति और आ रही बाधाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए साप्ताहिक टारगेट तय किए जाएं। साथ ही, परियोजना के हर महत्वपूर्ण कार्य के लिए दैनिक कार्ययोजना बनाकर उस पर तुरंत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बांध निर्माण, रिवर डायवर्जन, अप स्ट्रीम कॉफर डैम, शीयर जोन उपचार, एक्सेस टनल, प्रेशर शाफ्ट और पावर इंटेक जैसे प्रमुख तकनीकी हिस्सों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही हाइड्रो मैकेनिकल और इलेक्ट्रो मैकेनिकल कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डिजाइन और ड्राइंग के काम में हो रही देरी पर प्रबंध निदेशक ने एलएंडटी को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित ड्राइंग्स को शीघ्र अंतिम रूप दिया जाए और उनके अनुमोदन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
सिविल, इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने की हिदायत दी गई है। बैठक में जोर दिया गया कि बेहतर समन्वय से ही तकनीकी बाधाओं का समयबद्ध समाधान संभव हो सकेगा। इस समीक्षा बैठक में निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, कार्यकारी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सिविल सुजीत कुमार सिंह और महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक संजय जोशी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

