देहरादून। उत्तराखंड युवा कल्याण एवं प्रान्तीय रक्षक दल विभाग ने “खेल महाकुम्भ-2026- मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी” की आधिकारिक रूपरेखा और शेड्यूल जारी कर दिया है। विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह द्वारा इस वृहद खेल आयोजन की विस्तृत कार्ययोजना जारी की गई है। इस महाकुम्भ का आयोजन न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल महाकुम्भ का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की युवा खेल प्रतिभाओं को तराशना और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करना है। इस आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी क्षमता दिखाने का सीधा अवसर मिलेगा।
जारी शेड्यूल के अनुसार न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं 01 से 10 सितम्बर 2026 तक आयोजित होंगी। इसके बाद विधानसभा स्तर पर विधायक चैम्पियनशिप ट्रॉफी 11 से 20 सितम्बर 2026 तक आयोजित की जाएगी।
संसदीय क्षेत्र स्तर की सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिताएं 21 से 30 सितम्बर 2026 तक संपन्न होंगी। वहीं भव्य राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का आयोजन 10 सितम्बर से 30 अक्टूबर 2026 के मध्य किया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर पर अंडर-14 और अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो और मुर्गा झपट जैसी स्पर्धाएं होंगी। विधानसभा स्तर पर वॉलीबाल और पिट्टू के सीधे मुकाबले होंगे तथा न्याय पंचायत से चयनित खिलाड़ी इसमें भाग लेंगे।
संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखम्ब, रस्साकसी, कंचा, फुटबाल और बैडमिंटन की सीधी प्रतियोगिताएं होंगी। इसके साथ ही विधानसभा स्तर से चयन के आधार पर विभिन्न खेलों के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
राज्य स्तर पर जूडो, बॉक्सिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो, कराटे, बास्केटबाल, हॉकी, हैण्डबाल, योगासन, तैराकी, तीरंदाजी, फैन्सिंग, कुश्ती, पेंचक सिलाट, पावर लिफ्टिंग, वेट लिफ्टिंग, बेसबाल और लॉन टेनिस की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा महिला ओपन और दिव्यांगजन महिला-पुरुष ओपन वर्ग के लिए भी विशेष खेल स्पर्धाएं निर्धारित की गई हैं।

