Haridwar News: विजिलेंस टीम की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते सहायक कृषि अधिकारी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। विजिलेंस की ट्रैप टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खानपुर के सहायक कृषि अधिकारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता के भाई को कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने पर की गई है। इस कार्रवाई से कृषि विभाग में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें -  खटीमा: CM धामी ने किया ₹7.23 करोड़ की गौशाला का लोकार्पण, दी ₹108 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिओम यादव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रतापनगर, नजीबाबाद रोड का निवासी हैं। वर्तमान में हरिओम यादव हरिद्वार जिले के विकासखंड खानपुर में सहायक कृषि अधिकारी के पद पर तैनात था। आरोप है सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने पीड़ित से कृषि यंत्र सब्सिडी स्वीकृत करने और फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार: शादी का वादा कर युवती से 3 साल तक दुष्कर्म, गर्भवती हुई युवती तो प्रेमी और ससुर ने कराया गर्भपात

सब्सिडी की फाइल अटकी देख शिकायतकर्ता ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज कराई थी। विजिलेंस टीम ने मामले का प्राथमिक सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगे जाने के आरोप पूरी तरह सही पाए गए। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान की विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

जैसे ही शिकायतकर्ता ने सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को 10 हजार रुपये की रिश्वत की राशि सौंपी, मुस्तैद विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत के पैसे बरामद कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी और विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।