गैरसैंण। चुनावी साल की ओर बढ़ते हुए उत्तराखंड में गैरसैंण सत्र में पत्रकार से नेता बने खानपुर सीट से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार ने अपनी विधानसभा सदस्यता से आधिकारिक तौर पर इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा सीधे विधानसभा अध्यक्ष ऋतुभूषण खंडूड़ी को सौंपा।
इस्तीफा सौंपने के बाद उमेश कुमार ने मीडिया से बात करते हुए मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पर तीखे हमले बोले। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे कार्यकाल में वे जनमुद्दों पर हमेशा विपक्ष के साथ खड़े रहे, लेकिन कांग्रेस ने उनका कभी पूरा सहयोग नहीं किया।
कांग्रेस को कई मोर्चों पर घेरते हुए खानपुर के पूर्व विधायक ने अपनी भविष्य की रणनीति स्पष्ट कर दी। उन्होंने ऐलान किया कि वे आगामी 2027 का उत्तराखंड विधानसभा चुनाव अपनी खुद की पार्टी के बैनर तले लड़ेंगे और अन्य प्रत्याशियों को भी चुनाव मैदान में उतारेंगे। विधायक उमेश कुमार ने कहा कि वे जनता को दिखाएंगे कि असल में जनमुद्दों पर लड़ाई कैसे लड़ी जाती है।
वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतुभूषण खंडूणी ने कहा कि सुबह विधायक उमेश कुमार की ओर से उन्हें एक पत्र दिया गया है जिसे अग्रिम कार्रवाई के लिए विधानसभा सचिवालय भेजा जा चुका है। बहरहाल, अब यह देखना अहम होगा कि राज्य की जनता इस इस्तीफे को किस तरह लेती है और अगले चुनाव में उमेश कुमार को कितना समर्थन मिलता है।

