गैरसैंण। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज चमोली जिले के गैरसैंण में क्षेत्र वासियों को बड़ी सौगात देते हुए 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 प्रमुख विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया है। इस अवसर पर उन्होंने 197.87 करोड़ रुपये की लागत वाली 6 नई योजनाओं की आधारशिला रखी, जबकि 34.04 करोड़ रुपये से पूरी हो चुकी 6 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सबसे अहम प्रोजेक्ट गैरसैंण और आसपास की आबादी के लिए रामगंगा नदी पर बनने वाला बांध है, जिस पर 122.69 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा, कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ रुपये की योजना का शिलान्यास किया गया है, जो स्थानीय आबादी की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है।

क्षेत्र के शैक्षिक और स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए 12.16 करोड़ की लागत से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण भवन और 22 लाख की लागत से आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण के अनुरक्षण कार्य की नींव रखी गई। साथ ही, यातायात को सुगम बनाने के लिए लगभग 12.60 करोड़ रुपये की संयुक्त लागत से दो नए मोटर मार्ग निर्माण कार्यों का भी शिलान्यास किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की पूरी हो चुकी 6 योजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें 14.82 करोड़ की लागत से बना खजुरखाल-कुनीगाड़ मोटर मार्ग और राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक ऑडिटोरियम भवन प्रमुख रूप से शामिल हैं।

सड़कों के सुदृढ़ीकरण के तहत सारकोट-भराड़ीसैंण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के डामरीकरण व नवीनीकरण कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में आवागमन और कनेक्टिविटी में काफी सुधार आएगा, जिसका सीधा फायदा स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों को मिलेगा।
प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था को धार देने के लिए गैरसैंण में पुलिस और अग्निशमन सुविधाओं का विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री ने 4.37 करोड़ रुपये के फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने नए थाना गैरसैंण भवन का लोकार्पण किया, जिससे आपातकालीन सेवाओं को त्वरित गति मिलेगी।

इन सभी विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य गैरसैंण क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना है। रामगंगा बांध परियोजना पेयजल संकट को दूर करेगी, वहीं भू-धंसाव सुरक्षा और प्रशासनिक भवन क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देंगे।
इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित तमाम अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे

