देहरादून। दीपावली के त्योहारी सीजन के ठीक पहले राजधानी देहरादून में रसोई गैस उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगा है। ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी न करने के कारण जिला आपूर्ति विभाग और तेल कंपनियों ने 95 हजार से अधिक घरेलू एलपीजी गैस कनेक्शन ब्लॉक कर दिए हैं। इसके साथ ही इन उपभोक्ताओं की गैस सिलेंडर बुकिंग भी पूरी तरह रोक दी गई है, जिससे हजारों परिवारों के सामने रसोई का संकट खड़ा हो गया है।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निर्देशों के तहत जनपद में 30 सितंबर के बाद से ही बिना ई-केवाईसी वाले सभी गैस कनेक्शनों को लॉक करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई थी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार देहरादून जिले में कुल 1,00,104 उपभोक्ताओं ने अनिवार्य ई-केवाईसी नहीं कराई थी। हालांकि, पिछले कुछ दिनों में 5 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं द्वारा औपचारिकताएं पूरी करने पर उनके कनेक्शन बहाल कर दिए गए हैं, लेकिन अब भी 95,104 ग्राहकों की बुकिंग ठप पड़ी है।
गैस बुकिंग रद्द होने के कारण उपभोक्ता अपनी संबंधित गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। आपूर्ति विभाग ने जानकारी दी है कि जिले में संचालित सभी 70 गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध है। जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक हुए हैं, वे स्वयं अपनी बायोमेट्रिक जांच और आधार वेरिफिकेशन कराकर तुरंत कनेक्शन चालू करवा सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होते ही 1 अक्टूबर से लागू नियमों के अनुसार बुकिंग दोबारा स्वीकार होने लगेगी।
मामले की जानकारी देते हुए जिला आपूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने बताया कि ई-केवाईसी अनिवार्य करने का मुख्य उद्देश्य पारदर्शी व्यवस्था बनाना है। इस कदम से फर्जी और डुप्लीकेट गैस कनेक्शनों को पूरी तरह समाप्त किया जा सकेगा, जिससे सरकार द्वारा दी जाने वाली एलपीजी सब्सिडी का सीधा और पूरा लाभ केवल असली व पात्र उपभोक्ताओं को ही मिल सकेगा।
दीपावली के दौरान गैस सप्लाई बाधित न हो, इसके लिए आपूर्ति विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से तुरंत अपनी निकटतम गैस एजेंसी पहुंचकर ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है। अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक उपभोक्ता ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूर्ण नहीं करेंगे, तब तक किसी भी स्थिति में गैस कनेक्शन अनलॉक नहीं किए जाएंगे और ना ही सिलेंडर की रीफिल बुकिंग स्वीकार होगी।

