चमोली/ऋषिकेश -चमोली जिले के ज्योतिर्मठ क्षेत्र में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के पार्थिव शरीर ऋषिकेश एम्स पहुंचा दिए गए हैं। मृतकों में हेलीकॉप्टर का पायलट भी शामिल है। हादसे के बाद से ही पूरे इलाके में शोक की लहर है।
हादसा बेहद दुर्गम क्षेत्र में हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF, NDRF, जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों की टीम मौके पर पहुंची थी। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी 6 शवों को मलबे से बाहर निकाला।इसके बाद सभी पार्थिव शरीरों को विशेष हेलीकॉप्टर के जरिए एयरलिफ्ट कर ऋषिकेश एम्स के हेलीपैड तक लाया गया। हेलीपैड से एंबुलेंस के माध्यम से शवों को एम्स की मोर्चरी में शिफ्ट किया गया है।
एम्स ऋषिकेश में चिकित्सकों के पैनल की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करा रही है।एम्स प्रशासन के अनुसार, पोस्टमार्टम और पंचनामा की सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सभी 6 मृतकों के पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।
उत्तराखंड, कर्नाटक और दिल्ली को सहमाने वाले इस हादसे ने मृतकों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। खबर है कि कुछ मृतकों के परिजन ऋषिकेश एम्स पहुंच चुके हैं। एम्स प्रशासन और पुलिस-प्रशासन की टीमें परिजनों की सहायता और आगे की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटी हैं। उधर हादसे की वजह तलाशने में DGCA की जांच टीम भी जुटी हुई है।

