उत्तरकाशी। साहस के बल बूते पहाड़ पर रोमांच का लुत्फ लेने का माद्दा रखने वाले सैलानियों पर कभी-कभी मौसम भारी पड़ जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ है उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के दुर्गम केदारताल ट्रैक पर निकले 7 ट्रैकर्स और 1 गाइड के साथ। दरअसल ट्रैक पर निकले सभी 8 लोगों के लापता होने की खबर सामने आ रही है।
हालांकि सूचना मिलते ही SDRF की टीमें सघन सर्च अभियान में जुट गई हैं।मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैकिंग दल केदारताल क्षेत्र में गया था, जिसके बाद से उनका संपर्क टूट गया। परिजनों और स्थानीय प्रशासन की सूचना पर SDRF ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लापता लोगों की तलाश के लिए SDRF ने हेलीकॉप्टर की मदद ली है। केदारताल क्षेत्र में दो बार हवाई रेकी की गई, लेकिन हवाई सर्च के दौरान लापता ट्रैकर्स या उनके टेंट का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है, जिससे चिंता और बढ़ गई है।
रेस्क्यू टीम को खराब मौसम और भारी बर्फबारी के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुर्गम इलाका और लगातार बिगड़ता मौसम सर्च ऑपरेशन में बाधा डाल रहा है।फिर भी SDRF की टीमें लगातार प्रयासरत हैं। अतिरिक्त SDRF टीम को पर्वतारोहण और विशेष रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना किया गया है। टीम पैदल मार्ग से भी केदारताल की ओर बढ़ रही है।फिलहाल सभी 8 लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन लगातार SDRF के संपर्क में है।
लापता ट्रैकर्स की खोज मे जुटी SDRF की टीम

