देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को देहरादून स्थित पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के साथ ही प्रांतीय रक्षक दल के जवानों, खिलाड़ियों और युवाओं के हित में कई बड़ी घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री धामी ने पीआरडी जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी करने का ऐलान करते हुए कहा कि इसके लिए जल्द ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई जाएगी। इसके अलावा, ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने के लिए प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में ‘मुख्यमंत्री खेल क्लब’ गठित करने और देहरादून के आमवाला में मिनी स्टेडियम व अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण करने की घोषणा की।

खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी’ की पुरस्कार राशि में बड़ा इजाफा किया। इसके तहत न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक की विजेता राशियों को बढ़ाया गया है, जबकि ओवरऑल विजेता जिले को मिलने वाले ‘मुख्यमंत्री कप’ की राशि ₹5 लाख से बढ़ाकर सीधे ₹10 लाख कर दी गई है।
चैंपियनशिप में खेलों का दायरा बढ़ाते हुए सीएम ने कहा कि अब इसमें 32 की जगह 50 खेल शामिल होंगे, जिनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को तरजीह दी जाएगी। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए कुल बजट धनराशि में भी बढ़ोतरी की घोषणा की गई है।

सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन करते हुए सीएम धामी ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता के कारण ही आज अखंड भारत का निर्माण संभव हो सका है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन और संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने और ‘नशामुक्त उत्तराखंड’ के संकल्प को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख जताया। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला और खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

