आप सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं- डीजीपी उत्तराखंड
देहरादून : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय में भव्य समारोह आयोजित किया गया। उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस मौके पर डीजीपी ने उन अमर शहीदों को नमन किया जिनकी कुर्बानियों और संघर्ष की बदौलत हमें आज़ादी मिली।
आज़ादी की इस वर्षगांठ पर पुलिस महानिदेशक ने सभी राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी । वहीं ध्वजारोहण के बाद डीजीपी ने पुलिसकर्मियों को उनके विशिष्ट और सराहनीय सेवा के लिए सम्मानित भी किया। डीजीपी ने सूबे की जनता को भरोसा दिलाया कि उत्तराखंड पुलिस प्रदेश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य कर रही है।
वहीं डीजीपी दीपम सेठ ने पुलिस फोर्स के जवानो को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस की नौकरी सिर्फ ड्यूटी नहीं..बल्कि जनसेवा और राष्ट्रसेवा है लिहाजा हर पुलिसकर्मी को अपना कर्तव्य निष्ठापूर्वक करना चाहिए। वहीं डीजीपी ने पुलिसकर्मियों से नए दौर की तकनीक को अपनाने साइबर अपराध, नशे और दूसरी चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्क रहने का आह्वान किया।
डीजीपी ने कहा कि जनता का विश्वास पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है, इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। वहीं डीजीपी ने पुलिस को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करने का संदेश दिया।

