अरविंद पांडे के दावों से हेम भट्ट ने किया किनारा, बोले- मामला राजनीतिक नहीं

ख़बर शेयर करें

देहरादून: पत्रकार हेम भट्ट से पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के बाद प्रदेश की राजनीति और मीडिया जगत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। मामले को लेकर विपक्ष और कई राजनीतिक दल सरकार पर निशाना साध रहे हैं, वहीं अब खुद हेम भट्ट ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए सोशल मीडिया पर बयान जारी किया है।

बीते रोज पुलिस ने पत्रकार हेम भट्ट से कुछ मामलों को लेकर पूछताछ की थी। इस कार्रवाई के बाद गदरपुर विधायक अरविंद पांडे खुलकर सामने आए और उन्होंने सरकार तथा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। अरविंद पांडे ने आरोप लगाया था कि हेम भट्ट को इसलिए परेशान किया गया क्योंकि उन्होंने हाल ही में उनका इंटरव्यू लिया था। विधायक ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पत्रकारिता पर दबाव बनाने की कोशिश बताया था

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड में अवैध होमस्टे पर बड़ा एक्शन: नियमों का उल्लंघन करने वाले 103 होमस्टे के रजिस्ट्रेशन रद्द, प्रशासन ने कसा शिकंजा

हालांकि पूरे मामले में अब पत्रकार हेम भट्ट का बयान सामने आने के बाद राजनीतिक बहस को नया मोड़ मिल गया है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में हेम भट्ट ने साफ तौर पर कहा कि वह इस बात से सहमत नहीं हैं कि उन्हें किसी राजनीतिक कारण से उठाया गया या पूछताछ की गई। उन्होंने कहा कि यह मान लेना सही नहीं होगा कि सरकार ने केवल किसी इंटरव्यू की वजह से कार्रवाई की है।

यह भी पढ़ें -  ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब: भीड़ को काबू करने के लिए अब टोकन व्यवस्था शुरू

हेम भट्ट ने अपने बयान में कहा कि उन्हें उत्तराखंड पुलिस पर पूरा विश्वास है और वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। हेम भट्ट ने कहा कि वह खुद इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक रूप से प्रेरित मानने के लिए तैयार नहीं हैं। इस बयान के सामने आने के बाद अब राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा शुरू हो गई है। एक तरफ जहां विपक्ष सरकार पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था, वहीं हेम भट्ट के बयान ने कई सवालों को शांत भी किया है। हालांकि सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर बहस अभी भी जारी है और लोग इसे अलग-अलग नजरिए से देख रहे हैं।