Haridwar: हर की पैड़ी पर बनेगा ‘धनुष पुल’ और ‘आस्था पथ’, रोड़ी बेलवाला का भी होगा कायाकल्प

ख़बर शेयर करें

हरिद्वार। देवनगरी हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर योजना के तहत चार प्रमुख परियोजनाओं के जरिए धार्मिक और नागरिक सुविधाओं का भव्य विस्तार किया जा रहा है। इस महात्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य हर की पैड़ी, रोड़ी बेलवाला और प्रमुख प्रशासनिक मार्गों का कायाकल्प कर श्रद्धालुओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं देना है। इस पुनर्विकास का सीधा लाभ आगामी महाकुंभ, कांवड़ यात्रा और वर्षभर आने वाले करोड़ों तीर्थयात्रियों को मिलेगा।

कॉरिडोर की पहली सबसे महत्वपूर्ण योजना ‘हर की पैड़ी-सुभाष घाट पुनर्विकास परियोजना’ है। बढ़ते जनसैलाब को देखते हुए सुभाष घाट और धनुष घाट क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा, जिससे पवित्र स्नान और गंगा आरती के लिए विशाल स्थान मिलेगा। इस क्षेत्र में श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए एक नए धनुष पुल, आस्था पथ और बोर्डवॉक पुल का निर्माण किया जाएगा, साथ ही आपातकालीन निकासी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: दून फिल्म स्कूल में भारत–ब्राजील फिल्म एक्सचेंज प्रोग्राम 2026 का भव्य शुभारंभ

दूसरी परियोजना के तहत ‘हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र’ का बुनियादी ढांचा आधुनिक बनाया जाएगा। महाकुंभ और बड़े धार्मिक मेलों के दौरान जुटने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इस क्षेत्र में आधुनिक पार्किंग, चौड़े पैदल मार्ग और सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे बड़े आयोजनों के दौरान शहर में व्यवस्थाएं बनाना और यातायात संभालना पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा।

यह भी पढ़ें -  UKPSC लोअर PCS साक्षात्कार में सुस्ती से अभ्यर्थियों में आक्रोश, 2027 तक भर्ती खिंचने का डर

तीसरी बड़ी योजना ‘रोड़ी बेलवाला क्षेत्र पुनर्विकास परियोजना’ है, जिसका मकसद इस पूरे इलाके को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक पर्यटन केंद्र के रूप में ढालना है। यहां अत्याधुनिक जल निकासी सिस्टम, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग, 24 घंटे निगरानी के लिए सीसीटीवी सर्विलांस नेटवर्क और खूबसूरत पैदल मार्ग विकसित किए जाएंगे ताकि पर्यटकों को बेहतर माहौल मिल सके।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand Weather: दून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, रोकी गई चारधाम यात्रा, धंसा मसूरी मार्ग

चौथी योजना ‘प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना’ है, जिसके तहत हरिद्वार के मुख्य प्रशासनिक मार्ग का चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस वीआईपी और मुख्य मार्ग के अपग्रेड होने से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह सुव्यवस्थित हो जाएगी। मार्ग चौड़ा होने से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं को लंबे जाम से मुक्ति मिलेगी और बड़े पर्वों पर गाड़ियों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के हो सकेगी।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad