उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से प्रॉपर्टी के नाम पर बड़ी धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। डालनवाला निवासी पीड़ित फिरोज बख्शी ने राजपुर रोड निवासी हरिकांत नागर पर साल 2012 में राजेंद्र नगर लेन नंबर-8 स्थित एक निर्माणाधीन परियोजना में फ्रंट साइड फ्लैट दिलाने के नाम पर 30 लाख रुपये हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित ने यह रकम 20 लाख रुपये चार अलग-अलग चेकों के माध्यम से और 10 लाख रुपये नकद दिए थे, जिसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी थी। लेकिन करीब 14 वर्ष बीत जाने के बाद भी आरोपी ने न तो फ्लैट का कब्जा दिया और न ही रकम वापस की। आरोपी हरिकांत लगातार बहाने बनाकर मामले को टालता रहा और हाल ही में दोबारा संपर्क करने पर उसने न्यायालय में लंबित मामलों का हवाला देकर फ्लैट देने से साफ इंकार कर दिया।

