देहरादून के नयागांव में तड़के सुबह पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, राजस्थान के दो शातिर बदमाश गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

देहरादून के नयागांव क्षेत्र में तड़के सुबह पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां एक दुस्साहसिक मुठभेड़ के बाद राजस्थान के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा की गई नाकेबंदी और सघन चेकिंग के दौरान नयागांव चौकी बैरियर पर एक राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने बैरियर पर जोरदार टक्कर मार दी और सेलाकुई की तरफ भागने लगे।

पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत बदमाशों का पीछा किया, जिसके बाद वे कार लेकर चांदनी चौक से भूरपुर की तरफ मुड़ गए। रामगढ़ के रपटे के पास रास्ता बंद पाकर बदमाश अपनी गाड़ी छोड़कर नदी की तरफ पैदल ही भागने लगे और खुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें -  देहरादून की सड़कों का नया प्लान: छत्तीसगढ़ की कंपनी करेगी मरम्मत, पंजाब की एजेंसी रखेगी 24 घंटे नजर

पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई और वह वहीं घायल हो गया, जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस ने पीछा करके दबोच लिया, हालांकि उनके तीन अन्य साथियों की तलाश में पुलिस अभी भी जुटी हुई है।

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश को पुलिस टीम द्वारा तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फौरन उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया, जिसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर और फिर अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मातहतों से पूरी घटना की विस्तृत जानकारी ली। बाद में घायल बदमाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे प्रेमनगर चिकित्सालय से दून अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया, जहां फिलहाल पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज कराया जा रहा है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: 'युवा संकल्प दिवस' पर पहुंचे सीएम धामी, जन्मदिन पर युवाओं से मांगा 'तीन संकल्पों का गुलदस्ता'

इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस ने पकड़े गए दोनों बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध असलाह बरामद किया है। पुलिस तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से दो देशी तमंचे, खोखा और कई जिंदा कारतूस मिले हैं, जिन्हें मौके से जब्त कर लिया गया है।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand BJP Survey 2027: अक्टूबर में होगा विधायकों का बड़ा सर्वे, रिपोर्ट कार्ड तय करेगा टिकट

इसके साथ ही पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है और पकड़े गए अपराधियों के आपराधिक इतिहास तथा फरार तीन अन्य साथियों के सुराग तलाशने के लिए सघन जांच शुरू कर दी है।