Uttarakhand New Governor: डॉ. ढाल सिंह बिसेन बने उत्तराखंड के नए राज्यपाल

ख़बर शेयर करें

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार देर रात देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति का बड़ा प्रशासनिक ऐलान किया है। इस अहम राजनीतिक फेरबदल के तहत मध्य प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन से जारी आदेश के बाद राजभवन में सुगबुगाहट तेज हो गई है।

उत्तराखंड के नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन का राजनीतिक सफर काफी लंबा और अनुभव से भरा रहा है। अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय से आने वाले बिसेन चार बार विधायक और बालाघाट से सांसद रह चुके हैं। इसके अलावा वह मध्य प्रदेश सरकार में स्कूली शिक्षा, वन और परिवहन जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: 315 नई सड़कों के निर्माण की राह हुई आसान, सीएम धामी ने शिवराज सिंह चौहान से की मुलाकात

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में कई अन्य राज्यों के राज्यपालों के भी तबादले किए गए हैं। सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का नया राज्यपाल बनाया गया है। वहीं केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब तमिलनाडु की पूर्ण जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में मौसम का यू-टर्न: तेज आंधी और बारिश से लुढ़का पारा, पहाड़ों में बढ़ी ठंड

सूची के अनुसार बृजमोहन राम को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले दुष्यंत गौतम को सिक्किम की कमान सौंपी गई है। भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य और पूर्व सांसद सुधा यादव कर्नाटक की नई राज्यपाल होंगी। वह थावरचंद गहलोत का स्थान लेंगी जिनका कार्यकाल पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें -  2014 में बना था सत्ता का हथियार, अब उसी सोशल मीडिया से घिर रही सरकार!

राष्ट्रपति भवन के इस आदेश के बाद सभी नए राज्यपाल जल्द ही अपने-अपने राज्यों में औपचारिक पदभार ग्रहण करेंगे। उत्तराखंड के राजनीतिक हलकों में डॉ. बिसेन की नियुक्ति को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।