देहरादून में बिजली-पानी का दोहरा संकट: ओवरलोडिंग से हांफ रहे ट्रांसफार्मर, विभाग ने लगाए बड़े कूलर

ख़बर शेयर करें

देहरादून में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी का दोहरा संकट आम जनता की बेचैनी को लगातार बढ़ा रहा है। सोमवार को आजाद कॉलोनी और आईएसबीटी के आस-पास के इलाकों में करीब पांच घंटे तक बिजली पूरी तरह गुल रही, जिससे न सिर्फ लोगों का सामान्य कामकाज ठप हो गया, बल्कि तीखी गर्मी में वे बेहाल नजर आए। टर्नर रोड के एसडीओ कुलदीप बिष्ट ने इस कटौती की वजह स्पष्ट करते हुए बताया कि आजाद कॉलोनी में 11 हजार केवी की हाई-टेंशन लाइन का भार संभाल रहा एक बिजली का पोल नीचे से खोखला हो चुका था।

यह भी पढ़ें -  पेट्रोल और डीजल की कीमतों में फिर भारी उछाल, देहरादून सहित देश भर में आज से नई दरें लागू

किसी बड़े हादसे को रोकने के लिए इसे समय रहते हटाकर नया पोल स्थापित किया गया, जिसके चलते संबंधित क्षेत्रों में चार-से-पांच घंटे की शटडाउन की स्थिति बनी रही। इसके साथ ही यूपीसीएल की ओर से शहर के कई अन्य हिस्सों में सुबह के समय भी सुधार कार्यों के लिए शटडाउन लिया गया, जिसने नागरिकों की परेशानी को और बढ़ा दिया।

हांफते ट्रांसफार्मर को ठंडा करने के लिए लगाए गए कूलर

भीषण गर्मी और बढ़ते लोड के कारण बिजली के उपकरण भी जवाब देने लगे हैं और ट्रांसफार्मर बुरी तरह हांफ रहे हैं। सोमवार को भंडारीबाग बिजलीघर परिसर में एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां अत्यधिक ओवरलोडिंग के कारण गर्म हो रहे 10 एमवीए क्षमता के भारी-भरकम ट्रांसफार्मर को ठंडा रखने के लिए विभाग को उसके सामने बड़े कूलर लगाने पड़े। नियत तापमान से अधिक गर्म हो जाने के कारण बिजली कर्मचारी समय-समय पर इस ट्रांसफार्मर के ऊपर ठंडे पानी का छिड़काव भी कर रहे हैं ताकि वह फुंकने से बच सके और क्षेत्र की आपूर्ति पूरी तरह ठप न हो।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के गांवों में भी लगेगा शहरों जैसा टैक्स, सरकार ने तैयार किया नई नियमावली का ड्राफ्ट

दूसरी तरफ, राहत की बात यह रही कि बसंत विहार बिजलीघर के एसडीओ विनय कुमार ने भीषण गर्मी को देखते हुए फिलहाल अपने क्षेत्र का प्रस्तावित शटडाउन स्थगित कर दिया है, जिससे इंदिरा नगर, कौलागढ़, पंडितवाड़ी, महारानीबाग और बल्लीवाला चौक जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के हजारों लोगों को दोबारा शटडाउन होने तक बड़ी राहत मिल गई है।