उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। देहरादून को यमुनोत्री धाम से जोड़ने वाले हरबर्टपुर-बड़कोट राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) को अब डबल लेन में बदला जाएगा। इसके तहत केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय ने कालसी से आगे 29 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की अंतिम मंजूरी दे दी है।
पहले चरण में कालसी के पास हाईवे के 11वें किलोमीटर से लेकर 40वें किलोमीटर तक के हिस्से को डबल लेन किया जा रहा है, जिसके लिए करीब 6.473 हेक्टेयर भूमि को चिन्हित कर पूरी तरह से सरकार के अधीन कर लिया गया है। इस महत्वपूर्ण योजना के लिए विकासनगर और कालसी विकास खंड के लखवाड़, डिंडाल, लोहारी, डूमेट, और बिनहार जैसे कई ग्रामीण व जंगली इलाकों की निजी कृषि भूमि, वन पंचायत और बंजर भूमि का अधिग्रहण किया गया है।
इस नए डबल लेन हाईवे की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि सड़क के दोनों तरफ पेव्ड शोल्डर यानी पक्की पट्टी का निर्माण किया जाएगा, जिसे आपातकालीन स्टॉप के रूप में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस हाईवे के चौड़े होने से न केवल यमुनोत्री जाने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं का सफर बेहद आसान हो जाएगा, बल्कि क्षेत्र की महत्वाकांक्षी लखवाड़-व्यासी जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य में भी तेजी आएगी। अब तक संकरा रास्ता होने के कारण भारी मशीनरी और निर्माण सामग्री पहुंचाने में जो दिक्कतें आ रही थीं, वे इस परियोजना के पूरा होने के बाद हमेशा के लिए दूर हो जाएंगी।

