चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान यानी SIR को लेकर मतदाताओं के लिए एक बेहद काम की खबर है। अब यदि आपके घर BLO नहीं भी आते हैं, तो आपको परेशान होने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है, क्योंकि चुनाव आयोग ने आम जनता की सुविधा के लिए घर बैठे ही ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने के दो बेहद आसान विकल्प दे दिए हैं।
इसके लिए मतदाताओं को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाना होगा, जहाँ पहला विकल्प ‘ईसीआई नेट मोबाइल ऐप‘ का है। वेबसाइट के होमपेज पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके ऐप डाउनलोड किया जा सकता है और मोबाइल से ही प्रपत्र भरा जा सकता है।
दूसरा विकल्प सीधे वेबसाइट पर दिए गए SIR लिंक का है, जिसमें ‘Fill Enumeration Form’ पर क्लिक करके अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर या वोटर आईडी कार्ड नंबर को दर्ज करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर आपकी डिटेल्स आ जाएंगी, जहाँ फॉर्म भरने के बाद अपनी एक फोटो अपलोड करके इसे सबमिट करना होगा। इस डिजिटल प्रक्रिया की खास बात यह है कि आप अपने फॉर्म को ऑनलाइन ट्रैक भी कर सकते हैं कि आपकी गणना प्रक्रिया किस चरण में है।
आंकड़ों की बात करें तो उत्तराखंड राज्य में अब तक 50 प्रतिशत से अधिक गणना प्रपत्र मतदाताओं तक पहुँचाए जा चुके हैं, जिसमें पिथौरागढ़ 81.52% के साथ सबसे आगे है, जबकि राजधानी देहरादून जिला महज 39.18% फॉर्म वितरण के साथ पूरे प्रदेश में सबसे फिसड्डी साबित हुआ है। अन्य जिलों में हरिद्वार में 51.97%, नैनीताल में 49.85%, अल्मोड़ा में 59.81% और चंपावत में 72.75% फॉर्म बांटे गए हैं।

