Dehradun: 15 अगस्त पर परेड ग्राउंड के पास जीरो-जोन, पुलिस ने जारी किया रूट प्लान

ख़बर शेयर करें

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर दून पुलिस ने 15 अगस्त के लिए शहर का विस्तृत यातायात और पार्किंग प्लान जारी कर दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार 15 अगस्त को परेड ग्राउंड के चारों ओर का पूरा क्षेत्र जीरो-जोन रहेगा।

इस व्यवस्था से परेड में शामिल होने वाले लोगों के साथ-साथ शहर के आम वाहन चालकों और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने वाले यात्रियों पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। परेड ग्राउंड क्षेत्र में सामान्य वाहनों, रेहड़ियों और ठेलियों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

समारोह के दौरान परेड ग्राउंड परिसर की सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए छह आउटर और पांच इनर बैरियर बनाए गए हैं। इनमें ईसी रोड-सर्वे चौक, मनोज क्लिनिक, बुद्धा चौक, दर्शनलाल चौक, ओरिएंट चौक और पेसिफिक तिराहा शामिल हैं। इन बैरियरों से केवल वीआईपी, पासधारक वाहनों और निर्धारित अनुमति वाले वाहनों को ही प्रवेश की इजाजत दी जाएगी।

यह भी पढ़ें -  Big News: AIR India का पायलट था गांजे के नशे में धुत, फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में मचा था हड़कंप..

स्वतंत्रता दिवस परेड देखने आने वाले आम दर्शकों को अपने वाहन तयशुदा पार्किंग में खड़े करने के बाद परेड ग्राउंड के गेट नंबर चार और पांच से पैदल प्रवेश करना होगा। वीआईपी अधिकारियों और मंच के अतिथियों के वाहन मंच के ठीक पीछे और खेल मैदान में पार्क कराए जाएंगे।

विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले दर्शकों के लिए पुलिस ने अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए हैं। धर्मपुर, दर्शनलाल चौक और दून चौक की ओर से आने वाले सभी वाहन रेंजर ग्राउंड में पार्क होंगे। वहीं सर्वे चौक की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए मंगला देवी इंटर कॉलेज मैदान निर्धारित किया गया है।

यह भी पढ़ें -  Dehradun: नरेंद्र सिंह नेगी संस्कृति सम्मान 2026 में CM धामी ने की शिरकत, रंगकर्मी ताई तुगुंग को नवाजा

राजपुर रोड की ओर से आने वाले परेड प्रतिभागियों और दर्शकों के वाहन सेंट जोसेफ सुभाष रोड पर एक तरफ (वन-साइड) और लॉर्ड वेंकटेश वेडिंग प्वाइंट में पार्क किए जाएंगे। परेड में हिस्सा लेने वाले पुलिस, होमगार्ड, प्रेस और बुजुर्गों के वाहनों की व्यवस्था भी रेंजर ग्राउंड और दून क्लब के पास रहेगी।

सार्वजनिक परिवहन की स्थिति बनाए रखने के लिए 15 अगस्त को विक्रमों के संचालन रूट में बड़ा बदलाव किया गया है। रायपुर रूट के विक्रम सहस्रधारा क्रॉसिंग से वापस भेजे जाएंगे। धरमपुर रूट के विक्रम तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक होकर चलेंगे।

कांवली रूट के विक्रम रेलवे गेट से तथा प्रेमनगर रूट के विक्रम प्रभात कट से ही वापस मोड़ दिए जाएंगे। राजपुर रूट के विक्रमों को ग्लोब चौक से पेसिफिक तिराहा होते हुए बन्नी बाजार से राजपुर रोड की ओर वापस भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: आयुर्वेदिक फार्मासिस्टों की वरिष्ठता 2012 से ही होगी मान्य- हाई कोर्ट..

शहर में चलने वाली सिटी बसों के मार्गों को भी डायवर्ट किया गया है। आईएसबीटी से राजपुर रोड की तरफ जाने वाली सिटी बसें दर्शनलाल चौक से घंटाघर होकर राजपुर की ओर जाएंगी। रिस्पना की ओर से आने वाली बसें तहसील चौक से दून चौक और एमकेपी चौक होकर आराघर की तरफ लौटेंगी।

रायपुर रोड से आने वाली सिटी बसें सहस्रधारा क्रॉसिंग से सहस्रधारा रोड, आईटी पार्क होकर राजपुर रोड और घंटाघर की तरफ भेजी जाएंगी। दून पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता दिवस के दिन असुविधा से बचने के लिए डायवर्ट किए गए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad