देहरादून। देहरादून जिले में स्वाइन फ्लू और डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 8 और डेंगू के 5 नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने अभिभावकों को सख्त हिदायत दी है कि यदि बच्चों में खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण दिखें, तो उन्हें स्कूल बिल्कुल न भेजें और तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार को स्वाइन फ्लू के 44 नमूनों की जांच की गई, जिसमें से 8 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। इनमें 6 मरीज श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और 2 मरीज एम्स में मिले हैं। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 565 हो गए हैं, जिनमें से 485 मरीज ठीक हो चुके हैं और 78 सक्रिय मामले हैं। वहीं, 383 टेस्ट में डेंगू के 5 नए केस मिलने से डेंगू पीड़ितों की कुल संख्या 189 पहुंच गई है, जिनमें से 166 लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने मरीजों को लक्षणों के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटकर गाइडलाइन जारी की है; इसके तहत श्रेणी-ए के तहत हल्का बुखार, खांसी और गले में खराश वाले मरीजों को घर पर आइसोलेट रहने की हिदायत दी है।
वहीं, श्रेणी-बी के अंतर्गत तेज बुखार और अत्यधिक खांसी होने पर घर पर आइसोलेट होकर डॉक्टर की सलाह से दवाएं शुरू करने, तथा श्रेणी-सी के तहत सांस फूलने, बेचैनी व लो बीपी जैसे गंभीर लक्षण दिखने पर मरीज को बिना किसी देरी के तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से इस मौसमी बीमारियों के दौर में विशेष एहतियात बरतने, बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखने और लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की है।

