देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पटेलनगर इलाके में हुए चर्चित ज्वैलरी चोरी कांड में दून पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो साल से अधिक समय से फरार चल रहे एक बांग्लादेशी आरोपी को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कानून की नजरों से बचने के लिए देश की सीमा पार कर बांग्लादेश भाग गया था, जिसके चलते उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था।
यह पूरा मामला 1 जनवरी 2024 का है, जब पटेलनगर क्षेत्र के एक घर का दरवाजा तोड़कर चोरों ने भारी मात्रा में ज्वैलरी चोरी कर ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही एक अन्य आरोपी गोविंद शुक्ला को दबोच लिया था। उससे हुई कड़ाई से पूछताछ के दौरान बांग्लादेश निवासी मोहम्मद मिर्जानूर रहमान का नाम मुख्य रूप से सामने आया था।
जांच में यह बात सामने आई थी कि घटना के बाद आरोपी पूरी तरह भूमिगत हो गया था और अवैध रास्तों से बांग्लादेश फरार हो गया था। लगातार ठिकाने बदलने के बावजूद दून पुलिस ने तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के जरिए उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी और अंततः उसे पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से धर दबोचा।
पश्चिम बंगाल से पकड़ने के बाद स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल कर पुलिस आरोपी को सुरक्षित देहरादून ले आई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि पटेलनगर की इस चोरी में उसके हिस्से के रूप में 60 हजार रुपये आए थे। फिलहाल पुलिस अब उससे चोरी किए गए अन्य सामान और उसके अन्य सहयोगियों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है।
देहरादून पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक फरार आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर पहले ही जारी कर दिया गया था ताकि वह देश से बाहर न बच सके। पुलिस की निरंतर निगरानी और पुख्ता तकनीकी इनपुट के दम पर आखिरकार आरोपी कानून के शिकंजे में आ गया है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की पूरी तैयारी कर ली है।

