उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोशल मीडिया की दीवानगी ने एक साल पुराने हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले का ऐसा पर्दाफाश किया है कि हर कोई दंग है। राजपुर थाना क्षेत्र के आईटी पार्क स्थित पॉश सोसाइटी ‘सिक्का किमाया ग्रीन’ में रहने वाली नितिशा वत्स के घर से चोरी हुए करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषणों के मामले में पुलिस ने उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला (34) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी नौकरानी ने चोरी का कीमती हार पहनकर इंस्टाग्राम पर एक वीडियो रील अपलोड कर दी थी, जिसे मालकिन के एक परिचित ने देख लिया और एक साल पुरानी इस बड़ी चोरी का भंडाफोड़ हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद राजपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को धर दबोचा और उसके पास से चोरी किए गए शत-प्रतिशत आभूषण बरामद कर लिए हैं।
एक साल पहले गायब हुए थे गहने
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को राजपुर थाने में आधिकारिक तौर पर मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के कीमती जेवरात अचानक गायब हो गए थे।
उस समय नितिशा को लगा कि शायद वे खुद गहने कहीं रखकर भूल गई हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए हैं। इसी असमंजस के कारण उन्होंने उस वक्त चोरी का शक किसी पर नहीं किया और न ही कोई शिकायत दर्ज कराई थी।
इंस्टाग्राम रील ने घुमा दिया पूरा केस
इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब कुछ दिन पहले नितिशा वत्स के एक परिचित ने उन्हें सोशल मीडिया का एक लिंक साझा किया। परिचित ने बताया कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद कीमती हीरे का हार पहनकर तस्वीरें और वीडियो रील पोस्ट की हैं।
नितिशा वत्स ने जब उस इंस्टाग्राम रील को देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रील में विमला के गले में चमक रहा हीरे का हार हूबहू नितिशा का ही था, जिसे एक साल पहले चुराया गया था। इसके बाद नितिशा ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया।
जोहड़ी रोड से दबोची गई आरोपी नौकरानी
राजपुर थाना पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और मुखबिर की सटीक सूचना पर शुक्रवार को जोहड़ी रोड से घेराबंदी कर आरोपी विमला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जब महिला की निशानदेही पर तलाशी ली, तो उसके पास से चोरी किया हुआ असली हीरे का कीमती हार, एक सोने का लॉकेट, एक सोने का पेंडल, दो सोने की अंगूठियों समेत एक ओप्पो कंपनी का स्मार्टफोन भी बरामद किया।
खरीदार न मिलने पर बनाई रील
पुलिस पूछताछ में आरोपी विमला ने कुबूल किया कि वह नितिशा वत्स के घर पर झाड़ू-पोछा और साफ-सफाई का काम करती थी। काम के दौरान उसने कई बार मालकिन के लॉकर में रखे महंगे आभूषण देख लिए थे, जिसे देखकर उसके मन में लालच आ गया और मौका पाकर उसने हाथ साफ कर दिया।
चोरी के बाद उसने मालकिन को यह कहकर गुमराह किया कि शायद गहने उन्होंने खुद कहीं और रख दिए हैं। विमला ने बताया कि हीरे का हार बेहद महंगा होने के कारण वह इसे स्थानीय बाजार में बेच नहीं पा रही थी और लगातार किसी बड़े खरीदार की तलाश में थी। इसी बीच शौक-शौक में हार पहनकर बनाई गई रील ही उसकी गिरफ्तारी का सबसे बड़ा कारण बन गई।
वहीं राजपुर थाना पुलिस ने बरामद आभूषणों को जब्त कर आरोपी विमला को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। सोशल मीडिया के डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस ब्लाइंड थिफ्ट केस का महज कुछ घंटों में सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की पीठ थपथपाते हुए एसएसपी देहरादून ने 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

