Dehradun-Haridwar EV Bus: देहरादून-हरिद्वार में 137 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन तेज, तय होंगे नए रूट

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के देहरादून और हरिद्वार शहरों में पर्यावरण अनुकूल इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन को गति देने के लिए परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सचिव व आयुक्त परिवहन रवीनॉथ रमन ने सोमवार को आरटीओ कार्यालय देहरादून का औचक निरीक्षण कर स्पेशल पर्पस व्हीकल के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान परिवहन सचिव ने देहरादून और हरिद्वार में निर्माणाधीन इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशनों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्य में जुटी कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए कि चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का काम निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए ताकि ई-बसों के संचालन में रुकावट न आए।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के नौजवानों को मुख्यमंत्री धामी का संदेश, बोले-'मैं आपका दोस्त हूं'

परिवहन सचिव रवीनॉथ रमन ने अधिकारियों को शहर के सार्वजनिक परिवहन को सुगम बनाने के लिए रूट रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने के आदेश दिए। इसके तहत देहरादून में 100 और धर्मनगरी हरिद्वार में 37 इलेक्ट्रिक बसों के सुचारू संचालन के लिए नए सिरे से रूट तय किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें -  देहरादून: सहस्रधारा रोड पर महिला के अपहरण का प्रयास, शोर मचाने पर बदमाश फरार

ई-बस प्रोजेक्ट्स की समीक्षा के साथ ही परिवहन सचिव ने आरटीओ कार्यालय की व्यवस्थाओं को भी परखा। उन्होंने सारथी पोर्टल के जरिए ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने और वाहन पंजीकरण प्रक्रिया का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए जनसुविधाओं को पारदर्शी व त्वरित बनाए रखने का निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें -  चारधाम पुनर्निर्माण: मास्टर प्लान क्षेत्र से बाहर अनधिकृत निर्माण पर लगेगा पूर्ण प्रतिबंध, शासनादेश के निर्देश

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान अपर परिवहन सचिव रीना जोशी और अपर परिवहन आयुक्त एस.के. सिंह समेत कई वरिष्ठ विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। 137 ई-बसों के नए रूट्स पर उतरने और चार्जिंग स्टेशन तैयार होने से दोनों शहरों के दैनिक यात्रियों को जाम और प्रदूषण से बड़ी राहत मिलेगी।