Chamoli: नीती घाटी में तमक नाला उफान पर, बेली ब्रिज बहने के बाद रिकॉर्ड समय में खुला मार्ग…

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले की सामरिक रूप से संवेदनशील नीती घाटी में भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आ गया, जिससे मुख्य मार्ग पर बना बेली ब्रिज बह गया। इस आपदा के तुरंत बाद हरकत में आए प्रशासन और संबंधित विभागों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए रिकॉर्ड समय में ह्यूम पाइप डालकर अस्थायी मोटर मार्ग तैयार कर दिया है। मार्ग खुलते ही फंसे हुए वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें -  टिहरी झील बनेगी 'ग्लोबल डेस्टिनेशन': मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मास्टर प्लान तैयार करने के दिए निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों के बाद राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। मुख्यमंत्री खुद देहरादून से स्थिति की पल-पल की समीक्षा करते रहे। उन्होंने मुख्य सचिव, आपदा प्रबंधन सचिव, गढ़वाल आयुक्त और जिलाधिकारी चमोली से सीधे रिपोर्ट ली। रिकॉर्ड समय में यातायात बहाल करने पर मुख्यमंत्री ने धरातल पर जुटी टीमों की सराहना की है।

पुल बहने की घटना के बाद आपदा प्रबंधन, पुलिस, भारतीय सेना, ITBP, NDRF, SDRF और BRO की संयुक्त टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। मौके पर भारी मलबे और तेज बहाव के बीच ह्यूम पाइप बिछाकर कच्चा रास्ता तैयार किया गया। स्थानीय निवासियों और सीमांत क्षेत्रों की आवाजाही ठप होने से बचाने के लिए इस ऑपरेशन को रातों-रात पूरा किया गया।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड के नौजवानों को मुख्यमंत्री धामी का संदेश, बोले-'मैं आपका दोस्त हूं'

इसी घटना के दौरान तमक नाले के तेज बहाव में बहे एक लापता व्यक्ति की तलाश में दूसरे दिन भी सघन चेकिंग अभियान जारी है। सर्च टीमें अलकनंदा और तमक नाले के तटीय इलाकों में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, खराब मौसम और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

यह भी पढ़ें -  हरिद्वार में CM धामी ने किया प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का उद्घाटन, बोले- 'आधुनिकता और सनातन का अनूठा संगम'

प्रशासन ने नीती घाटी मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। तमक नाले के पास बनाए गए अस्थायी मार्ग से गुजरते समय विशेष सावधानी बरतने और मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।