देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लंबे समय से भीषण जाम की वजह बन रहे गांधी रोड के बॉटलनेक को खत्म करने की प्रशासनिक कवायद शुरू हो गई है। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने तहसील चौक से सहारनपुर चौक तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को ₹10 करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इस कदम से रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
एमडीडीए द्वारा जारी प्रथम चरण के इस 10 करोड़ रुपये के बजट का उपयोग सड़क चौड़ीकरण की राह में आ रही बाधाओं को हटाने में किया जाएगा। योजना के तहत सबसे पहले मार्ग में पड़ने वाले बिजली के पोल, पानी की पाइपलाइनों और अन्य यूटिलिटीज को शिफ्ट किया जाएगा। आढ़त बाजार की प्रस्तावित शिफ्टिंग और गांधी रोड के चौड़ीकरण के बाद सहारनपुर रोड पर भी ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।
परियोजना की जानकारी देते हुए एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि लोनिवि को बजट हस्तांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर इस योजना के काम को तय समयसीमा के भीतर पूरा कराया जाएगा, ताकि आम जनता को जल्द सुगम आवाजाही की सुविधा मिल सके।
वर्तमान में गांधी रोड की चौड़ाई अलग-अलग हिस्सों में बेहद असंतुलित है, जो महज 10 से 18 मीटर के बीच ही सिमटी हुई है। इसके चलते यहां रोजाना गाड़ियों की लंबी कतारें और बॉटलनेक की स्थिति बनती है। चौड़ीकरण प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद इस पूरे डेढ़ किलोमीटर के मार्ग को 24 मीटर चौड़ा कर दिया जाएगा, जिससे शहर के सबसे व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र में यातायात सुचारू रूप से चल सकेगा।

