देहरादून। राजधानी देहरादून में मानसून के दौरान संक्रामक और जलजनित बीमारियों का खतरा गहराने लगा है। मंगलवार को जिले में डेंगू के 2 नए मामले सामने आने के बाद कुल मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 64 हो गया है। लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है और राजधानी के सभी अस्पतालों में सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों को पर्याप्त दवाएं, जांच किट और आवश्यक संसाधन तैनात रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अस्पतालों को निर्देशित किया है कि डेंगू के संदिग्ध लक्षणों के साथ आने वाले मरीजों की तुरंत जांच और त्वरित इलाज सुनिश्चित किया जाए ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने बीमारी के प्रसार को रोकने के लिए मैदानी स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं की विशेष टीम को जिम्मेदारी सौंपी है। ये कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार और डेंगू के अन्य लक्षणों से पीड़ित मरीजों की जानकारी जुटा रही हैं। संदिग्ध मरीजों की पहचान होते ही उन्हें तत्काल नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जा रहा है।
देहरादून में मई महीने से अब तक मिले 64 मामलों को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य प्रशासन संवेदनशील और जलभराव वाले इलाकों की विशेष निगरानी कर रहा है। सीएमओ ने आम जनता से अपील की है कि वे मानसून के दौरान अपने आसपास पानी न जमा होने दें और लक्षण दिखने पर बिना देरी किए डॉक्टर से सलाह लें।

