Dehradun: हर बुखार मरीज की होगी डेंगू जांच, दून-कोरोनेशन समेत 6 अस्पताल बने सेंटिनल सर्विलांस सेंटर

ख़बर शेयर करें

देहरादून। देहरादून जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिले में अब तक डेंगू के 50 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। मानसून के दौरान संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने 6 प्रमुख अस्पतालों को ‘सेंटिनल सर्विलांस हॉस्पिटल’ नामित किया है।

स्वास्थ्य विभाग ने दून अस्पताल, कोरोनेशन अस्पताल, रायपुर अस्पताल, विकासनगर अस्पताल, ऋषिकेश अस्पताल और प्रेमनगर अस्पताल को सेंटिनल सर्विलांस सेंटर बनाया है। इन सभी नामित सरकारी अस्पतालों में अब इलाज के लिए आने वाले प्रत्येक बुखार पीड़ित मरीज की अनिवार्य रूप से डेंगू जांच कराई जाएगी, ताकि समय रहते संक्रमण की पहचान कर तुरंत इलाज शुरू किया जा सके।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: सरकारी अस्पतालों में मुफ्त होंगी 200+ जांचें, धामी सरकार की बड़ी तैयारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा ने जिले के सभी सरकारी और निजी अस्पतालों के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। इसके तहत डेंगू वार्ड में भर्ती हर मरीज के बेड पर मच्छरदानी लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। साथ ही, अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बुखार के मरीजों की नियमित निगरानी करें, समय पर सैंपल जांच कराएं और तय उपचार प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand SIR : CEO पुरुषोत्तम की बड़ी राहत, BLO घर पर ही करेंगे सत्यापन

मानसून के मौसम और संक्रमण के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आम नागरिकों से भी विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपने घरों और आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें। इसके अलावा, यदि किसी भी व्यक्ति में डेंगू के शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं, तो उन्हें बिना लापरवाही किए तुरंत नजदीकी अस्पताल जाकर जांच कराने की सलाह दी गई है।