ढाई साल बाद उत्तराखंड दौरे पर मल्लिकार्जुन खड़गे: 8 अगस्त को महारैली से होगा कांग्रेस का चुनावी शंखनाद

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तराखंड के ढाई साल बाद हो रहे महत्वपूर्ण राजनीतिक दौरे के तहत कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आगामी 8 अगस्त को हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। खड़गे हल्द्वानी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कार्यकर्ताओं की विशाल रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली के जरिए कांग्रेस कुमाऊं मंडल के छह जिलों की सभी 29 विधानसभा सीटों पर चुनावी माहौल को गरमाने के साथ सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को घेरेगी।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड कांग्रेस में सर्वे रिपोर्ट बनेगी टिकट का आधार, 2027 चुनाव के लिए दिल्ली दौड़ तेज

पार्टी इस महारैली के माध्यम से राज्य में अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करने जा रही है। रैली में कांग्रेस मुख्य रूप से पेपर लीक, चढ़ावा चोरी, बिगड़ी कानून व्यवस्था, बेरोजगारी और महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने वर्चुअल बैठक की। इसमें प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत वरिष्ठ नेताओं से फीडबैक लिया गया।

यह भी पढ़ें -  Uttarakhand: CM धामी के अनुरोध पर अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के ठहराव को मिली हरी झंडी

पार्टी के मौजूदा राजनीतिक समीकरण के अनुसार कुमाऊं मंडल में कुल 6 जिले हैं जिनमें कुल 29 विधानसभा सीटें हैं। बता दें कि 2022 चुनाव में कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं, जिनमें से 11 सीटें अकेले कुमाऊं से थीं। हालांकि, हालिया स्थिति के अनुसार, मंगलोर उपचुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का आंकड़ा बढ़ा है, जबकि गढ़वाल मंडल की 41 में से केवल 9 सीटें कांग्रेस के पास हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि रैली में 35 हजार से 40 हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून दौरे के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा राज्यभर के पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा। आने वाले दिनों में प्रियंका गांधी और अन्य केंद्रीय नेताओं के भी उत्तराखंड में बड़े कार्यक्रम प्रस्तावित हैं।