देहरादून। देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में आज सोमवार से एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 की शुरुआत हो गई है। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाली इस चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान भारत सहित एशिया के 14 देशों के स्केटर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस भव्य आयोजन से देहरादून की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आइस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में और मजबूत होगी।
एशिया की इस प्रतिष्ठित शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन भारत और देहरादून में लगातार दूसरी बार किया जा रहा है। भारत का लगातार दूसरी बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना देश में शीतकालीन खेलों के मजबूत बुनियादी ढांचे को दर्शाता है।
चार दिवसीय स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ होने से पहले रविवार को भाग लेने पहुंचे विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने हिमाद्री आइस रिंक पर कड़ा अभ्यास किया। खिलाड़ियों ने ट्रैक की परिस्थितियों को समझने के साथ-साथ अपनी तकनीकों को अंतिम रूप दिया।
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मेजबान भारत के साथ हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान और स्केटिंग के पावरहाउस माने जाने वाले चीन व दक्षिण कोरिया के शीर्ष एथलीट भी अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।
विदेशी खिलाड़ियों, अंतरराष्ट्रीय कोचों और तकनीकी अधिकारियों की बड़ी मौजूदगी के कारण यह आयोजन भारत में आयोजित अब तक की सबसे बड़ी शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिताओं में से एक बन गया है।
प्रतियोगिता को निष्पक्ष और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए विशेषज्ञ तकनीकी अधिकारियों की टीम तैनात की गई है। इस बड़े आयोजन को लेकर स्थानीय खेल प्रेमियों और दर्शकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
17 से 20 अगस्त तक आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा न केवल खिलाड़ियों को अपनी रैंकिंग सुधारने का मौका देगी, बल्कि उत्तराखंड को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक मजबूत पहचान दिलाने में भी मददगार साबित होगी।

