Uttarakhand: 11 हजार फीट की ऊंचाई पर मनेगा बटर फेस्टिवल, CM धामी ने दिए ₹15 लाख

ख़बर शेयर करें

देहरादून। उत्तरकाशी के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल दयारा बुग्याल में आगामी 17 अगस्त को आयोजित होने वाले पारंपरिक बटर फेस्टिवल की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अनोखे सांस्कृतिक पर्व के सफल आयोजन के लिए ₹15 लाख की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। सरकार के इस कदम से रैथल गांव के स्थानीय निवासियों और पर्यटन कारोबारियों में खुशी की लहर है।

यह भी पढ़ें -  देहरादून में नियो मेट्रो का प्लान रद्द: अब चलेंगी 24 मीटर लंबी ई-बसें, 570 करोड़ का मास्टरप्लान तैयार

समुद्रतल से 11 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित 28 वर्ग किलोमीटर में फैले दयारा बुग्याल में यह उत्सव आयोजित किया जाता है। भटवाड़ी ब्लॉक के रैथल गांव के ग्रामीण सदियों से भाद्रपद महीने की संक्रांति पर दूध, मक्खन और मट्ठे की प्राकृतिक होली खेलते आ रहे हैं। यह पर्व उच्च हिमालयी क्षेत्र में प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की एक अनोखी परंपरा है।

इस अनूठे लोक उत्सव में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटक एक-दूसरे को मक्खन और मट्ठा लगाकर खुशियां मनाते हैं। हिमालयी संस्कृति और पशुपालन परंपरा को सहेजने वाला यह आयोजन पूरे उत्तराखंड में अपनी विशेष पहचान रखता है।

यह भी पढ़ें -  श्री बदरीनाथ धाम- जहां शंख नहीं बजाया जाता वहां डीजे बजा दिया, यह तीर्थ है कोई Goa Beach नहीं..

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष धराली क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा के चलते इस पारंपरिक उत्सव को स्थगित करना पड़ा था। गत वर्ष आयोजन न हो पाने के कारण इस बार 17 अगस्त को होने वाले अंदूड़ी उत्सव को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों में दोगुना उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह भी पढ़ें -  उत्तराखंड: CM धामी ने सड़क, पर्यटन और बाढ़ सुरक्षा के लिए दी ₹288.41 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

सीएम धामी द्वारा जारी किए गए 15 लाख रुपये के बजट से उत्सव स्थल पर बुनियादी सुविधाओं और पर्यटन व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाएगा। आयोजन समिति और जिला प्रशासन अब 17 अगस्त के भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।